बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर मशाल जुलूस निकाला: ‘जन आक्रोश रथ यात्रा’ टीकमगढ़ पहुंची, वकीलों से चर्चा, हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा – Tikamgarh News


टीकमगढ़ में शुक्रवार को पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शाम साढ़े सात बजे हाथों में मशालें लेकर जुलूस निकाला और अलग राज्य बनाने के लिए हुंकार भरी। इस दौरान केंद्र सरकार पर अपना वादा पूरा न करने के आरोप भी लगाए गए। मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय ने बताया कि 16 फरवरी से 13 मार्च तक ‘जन आक्रोश रथ यात्रा’ निकाली जा रही है। यह यात्रा चित्रकूट के कामतानाथ मंदिर से शुरू हुई है और बांदा, पन्ना, दमोह और सागर होते हुए टीकमगढ़ पहुंची है। यात्रा का समापन रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में होगा। उनका कहना है कि अब अलग राज्य के लिए संघर्ष अपने आखिरी दौर में है। जनप्रतिनिधियों को दी चेतावनी भानु सहाय ने उन जनप्रतिनिधियों पर कड़ा प्रहार किया जो राज्य निर्माण की मांग पर चुप हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो नेता निजी स्वार्थ की वजह से जनता की इस मांग के साथ नहीं खड़े हैं, उनके असली चेहरे उजागर किए जाएंगे। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि ऐसे नेताओं को ‘जनता की अदालत’ में सबक सिखाया जाए। वकीलों और जनता का मिला समर्थन टीकमगढ़ प्रवास के दौरान मोर्चा के सदस्यों ने जिला कोर्ट पहुंचकर वकीलों और आम लोगों से चर्चा की। इस अभियान को तेज करने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखने के साथ-साथ बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाने का फैसला लिया गया है। वकीलों ने भी इस मांग को जायज बताते हुए अपना समर्थन देने का भरोसा दिया। अगले पड़ाव की ओर बढ़ी यात्रा टीकमगढ़ में समर्थन जुटाने के बाद अब यह रथ यात्रा ललितपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड इलाकों में प्रवेश करेगी। इस मशाल जुलूस और प्रदर्शन के दौरान अशोक सक्सेना, रघुराज शर्मा, वरुण अग्रवाल और भगवान सिंह यादव सहित भारी संख्या में मोर्चा के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *