आज का मौसम: एमपी में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी, सुबह-सुबह थमी रफ्तार, भोपाल समेत कई जिलों में हाल बेहाल

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इन दिनों हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का दौर जारी है. राजधानी भोपाल में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया रहा, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. सुबह के समय कोहरे की वजह से चारों ओर सफेद चादर जैसी स्थिति बनी रही और ठंड का असर और तेज महसूस किया गया.

यातायात पर पड़ा कोहरे का असर
घने कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई. इसका सीधा असर रेल और सड़क यातायात पर देखने को मिला. कई जगहों पर ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ी, वहीं हाईवे और शहरी सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए. खासतौर पर सुबह और देर रात के समय यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

शीतलहर और बादलों का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोहरे के साथ शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. प्रदेश के कई हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है.

कई जिले कोहरे की चपेट में 
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर और शाजापुर समेत कई जिलों में कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला.

न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट
प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान काफी नीचे चला गया है. दतिया में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, पचमढ़ी में 5.6 डिग्री, शिवपुरी में 6 डिग्री, ग्वालियर में 7.7 डिग्री और राजगढ़ में 8.2 डिग्री दर्ज किया गया. भोपाल में तापमान 11 डिग्री, जबलपुर में 12.5 डिग्री और उज्जैन में 12.6 डिग्री रहा.

डिंडौरी और रतलाम में भी ठंड का कहर
डिंडौरी जिले में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई. नेशनल हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई. वहीं, रतलाम में जबरदस्त ठंड और शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित रहा. सुबह कोहरा छाया रहा और ओस गिरने से ठंड और बढ़ गई.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *