Air Pollution Protection Tips: देश के अधिकतर शहरों में एयर पॉल्यूशन की समस्या बढ़ रही है. इस मामले में राजधानी दिल्ली और एनसीआर की हालत सबसे खराब है. साल के अधिकतर महीनों में दिल्ली-एनसीआर की हवा सांस लेने लायक नहीं होती है. इससे कई गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर की हवा बेहद खराब है. इसकी वजह से लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत, खांसी, एलर्जी और फेफड़ों से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं. ऐसे में केवल मास्क पहनना या घर में बंद रहना ही काफी नहीं है. भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने साफ कहा है कि प्रदूषण से बचाव के लिए शरीर को अंदर से मजबूत बनाना और इम्यूनिटी बढ़ाना बेहद जरूरी है.
आयुष मंत्रालय के मुताबिक आयुर्वेद के कुछ आसान उपाय अपनाकर एयर पॉल्यूशन के खतरों को काफी हद तक कम किया जा सकता है. प्रदूषण के साइड इफेक्ट से बचने के लिए लोगों को सबसे पहले अपनी डाइट पर ध्यान देना चाहिए. अपनी डाइट में मौसमी और स्थानीय फल-सब्जियां शामिल करें. फल-सब्जियां पोषक तत्वों से भरपूर और शरीर के लिए आसानी से पचने वाले होते हैं. सर्दियों में संतरा, अमरूद, गाजर, पालक, मूली, शलगम और हरी पत्तेदार सब्जियां इम्यूनिटी बढ़ाने में बेहद असरदार हैं. आयुर्वेद में बताई गई कुछ जड़ी-बूटियां भी बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं. अदरक, पिप्पली, हरड़ और बहेड़ा का नियमित सेवन इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है और सांस की नली को साफ रखने में मदद करता है.
ये जड़ी-बूटियां शरीर में जमा विषैले तत्वों को बाहर निकालने में भी सहायक होती हैं. इन्हें चाय में मिलाकर, काढ़े के रूप में या चूर्ण बनाकर लिया जा सकता है. इसके अलावा प्रदूषण से बचने के लिए गुनगुना पानी पीने की भी सलाह दी गई है. सभी लोग अपने दिन की शुरुआत गुनगुने पानी से करें, जिसमें नींबू, शहद या तुलसी की पत्तियां मिलाई जा सकती हैं. इसके अलावा दिन में 2-3 बार हर्बल काढ़ा पीना लाभकारी होता है. तुलसी, अदरक, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च और थोड़ा सा गुड़ डालकर तैयार किया गया काढ़ा प्रदूषण से होने वाली खांसी, गले की खराश और सर्दी-जुकाम से बचाव करता है.
पॉल्यूशन से बचने के लिए खाने को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. हमेशा ताजा और गर्म खाना खाएं, क्योंकि ठंडा या बासी भोजन पाचन को कमजोर करता है और इम्यूनिटी घटाता है. रोजाना घी, दूध, गुड़ और सूखे मेवे जैसे बादाम, काजू, अखरोट और किशमिश को डाइट में शामिल करें. घी शरीर को अंदर से पोषण देता है और प्रदूषण से होने वाली सूजन को कम करने में मदद करता है. इन उपायों के साथ-साथ नियमित व्यायाम, योग और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना भी जरूरी है. पर्याप्त नींद लेना और तनाव से दूर रहना भी इम्यूनिटी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है. अगर किसी को पहले से कोई बीमारी है या वह नियमित दवाएं ले रहा है, तो इन उपायों को अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.