Last Updated:
Mattress Cleaning Tips: हम घर के हर कोने की सफाई तो कर लेते हैं लेकिन बेड पर पड़े गद्दों को अक्सर भूल जाते हैं. इन्हें साफ करना इतना आसान नहीं होता इसलिए लोग एवॉएड कर जाते हैं. हालांकि कुछ आसान टिप्स और ट्रिक्स अपनाकर आप गद्दे सैनिटाइज कर सकते हैं वरना ये बैक्टीरिया का घर बन जाएंगे.
हम सब रोज रात में आराम से अपने बिस्तर पर सो जाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपका गद्दा कितना साफ है? दिखने में चाहे गद्दा बिल्कुल ठीक लगे, लेकिन इसके भीतर लाखों की संख्या में बैक्टीरिया, धूल-मिट्टी और सूक्ष्म कीट रहते हैं. इनसे एलर्जी, खांसी, स्किन इंफेक्शन और सांस से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं. अगर आपने लंबे समय से अपने गद्दे को साफ या सैनिटाइज नहीं किया है, तो यह सेहत के लिए खतरा बन सकता है.

गद्दा रोजमर्रा के इस्तेमाल में हमारे शरीर से निकले पसीना, मृत त्वचा और तेल को सोख लेता है. इसके अलावा हवा में मौजूद धूल, पालतू जानवरों के बाल और नमी भी इसमें घुस जाती है. धीरे-धीरे ये सभी तत्व बैक्टीरिया और फंगस को जन्म देते हैं. खासकर बरसात और ठंड के मौसम में गद्दा जल्दी नमी पकड़ता है, जिससे उसमें फफूंदी और बदबू आ जाती है.

सबसे पहले गद्दे के ऊपर से सभी चादरें और कवर उतार लें और उन्हें गर्म पानी से धो लें. फिर गद्दे को खुले में धूप में रखें, क्योंकि धूप में मौजूद अल्ट्रावायलेट किरणें बैक्टीरिया को खत्म करती हैं. अगर धूप में रखना संभव न हो, तो वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें. यह गद्दे की ऊपरी परत में जमी धूल-मिट्टी और कीटाणुओं को बाहर खींच लेता है.

अगर गद्दे में बदबू या दाग हैं, तो एक कप बेकिंग सोडा में कुछ बूंदें नींबू के रस की मिलाकर उसे हल्के हाथों से पूरे गद्दे पर छिड़क दें. आधे घंटे बाद सूखे ब्रश से साफ करें. इससे न सिर्फ गद्दा साफ होता है, बल्कि बैक्टीरिया और फफूंदी भी खत्म हो जाती है. आप चाहें तो एक स्प्रे बोतल में पानी, सिरका और कुछ बूंदें टी ट्री ऑयल की डालकर गद्दे पर हल्का स्प्रे करें – यह प्राकृतिक सैनिटाइजर का काम करता है.

विशेषज्ञों के अनुसार हर छह महीने में एक बार गद्दे की डीप क्लीनिंग जरूरी है. अगर आपके घर में बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो यह सफाई तीन महीने में एक बार करनी चाहिए. समय-समय पर गद्दे को पलटते रहें ताकि एक ही तरफ ज्यादा नमी न जमे. इसके अलावा गद्दे पर हमेशा धुलने योग्य मैट्रेस प्रोटेक्टर का इस्तेमाल करें.
.