Last Updated:
Homemade Murmura Recipe: बाजार जैसा कुरकुरा मुरमुरा अब घर पर बनाना आसान है. कोडरमा की राधिका प्रजापति ने साझा किया पुराने चावल और नमक का वह सीक्रेट नुस्खा, जिससे मिनटों में तैयार होगा बिना मिलावट वाला शुद्ध स्नैक्स. जानें प्रेशर कुकर में मुरमुरा बनाने की पूरी विधि और वह एक गलती जिससे आपको बचना चाहिए.
कोडरमा: शाम की चाय हो या हल्की-फुल्की भूख, मुरमुरा एक ऐसा स्नैक्स है जो हर भारतीय घर की पहली पसंद है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इसे चाव से खाता है. अमूमन लोग इसे बाजार से ही खरीदते हैं. लेकिन कोडरमा की एक कुशल गृहणी राधिका प्रजापति ने घर पर ही इसे बनाने का एक बेहद आसान और जादुई तरीका साझा किया है. उनका दावा है कि घर पर बना मुरमुरा न केवल ताजा और स्वच्छ होता है, बल्कि इसमें आप अपनी पसंद के अनुसार स्वाद और मसालों का संतुलन भी रख सकते हैं.
पुराने चावल का जादू
राधिका प्रजापति बताती हैं कि बेहतरीन और खिले-खिले मुरमुरे बनाने का सबसे बड़ा रहस्य पुराने चावल में छिपा है. नए चावल की तुलना में पुराने चावल में प्राकृतिक नमी कम होती है. कम नमी के कारण जब इन चावलों को गर्म नमक में डाला जाता है, तो ये तुरंत फूलकर सफेद और हल्के हो जाते हैं.
नमक और पानी का सटीक संतुलन
मुरमुरा बनाने की प्रक्रिया को राधिका ने बहुत ही सरल चरणों में समझाया है. सबसे पहले एक कप पुराने कच्चे चावल लें. इसमें एक छोटा चम्मच नमक और मात्र 1 से 2 चम्मच पानी मिलाएं. इसे अच्छी तरह मिक्स करें ताकि हर दाने पर नमक की हल्की कोटिंग हो जाए. नमक-पानी मिलाने के बाद चावलों को एक थाली में फैलाकर 10 से 15 मिनट तक पंखे के नीचे या हल्की धूप में सुखाएं. यह कदम बेहद जरूरी है, ताकि चावल की अतिरिक्त सतह की नमी निकल जाए और वे भूनते समय फटें नहीं.
प्रेशर कुकर में भूनने की तकनीक
बाजार में मुरमुरे बालू (रेत) में भूने जाते हैं, लेकिन राधिका ने घर के लिए नमक की तकनीक सुझाई है. एक प्रेशर कुकर में पर्याप्त मात्रा में साधारण नमक डालें और उसे तेज आंच पर गर्म करें. जब नमक पूरी तरह गर्म होकर तपने लगे, तब उसमें थोड़े-थोड़े चावल डालें. इसे लगातार चलाते रहें. कुछ ही सेकंड्स के भीतर चावल मोतियों की तरह फूलकर सफेद मुरमुरों में बदलने लगेंगे.
स्टोरेज और शुद्धता का भरोसा
जैसे ही चावल फूल जाएं, उन्हें तुरंत एक छलनी से छान लें. ताकि अतिरिक्त नमक अलग हो जाए. राधिका बताती हैं कि इस नमक का उपयोग आप बार-बार मुरमुरे भूनने या बेकिंग के लिए कर सकते हैं. तैयार मुरमुरों को पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर एक एयरटाइट कंटेनर में भर दें. इस तरीके से रखे गए मुरमुरे महीनों तक कुरकुरे बने रहते हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
.