Last Updated:
Tips And Tricks: लकड़ी के बर्तन समय के साथ फीके और बदरंग होने लगते हैं, लेकिन एक आसान घरेलू उपाय से इन्हें फिर से नया जैसा बनाया जा सकता है. प्राकृतिक सामग्री से सफाई न केवल सुरक्षित है बल्कि बर्तनों की उम्र भी बढ़ाती है. यह टिप्स आपके किचन के लकड़ी के चम्मच, कटिंग बोर्ड और बर्तनों को मिनटों में चमका सकती है.
भीलवाड़ा: आजकल किचन गार्डन को मॉर्डन और अट्रेक्टिव बनाए के लिए बर्तन के साथ कई यूनिक किचन सेट हम घर पर रखते हैं. इन दिनों किचन में लकड़ी के चम्मच, बर्तन और कटिंग बोर्ड का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, क्योंकि ये न सिर्फ हेल्थ-फ्रेंडली होते हैं बल्कि किचन की सुंदरता भी बढ़ाते हैं, लेकिन कई बार लोग इन्हें साफ करने में गलती कर देते हैं. जिससे लकड़ी जल्दी खराब होने लगती है. ऐसे में जरूरत है कि इनके लिए खास सफाई और देखभाल के तरीकों को अपनाया जाए. अगर सही तरीके से क्लीनिंग की जाए तो लकड़ी के बर्तन सालों तक नए जैसे नजर आते हैं. घरेलू सामग्री से इनकी सफाई का तरीका बेहद आसान है और इससे लकड़ी की चमक और मजबूती दोनों बनी रहती हैं.

लकड़ी के चम्मच और बोर्ड को साफ करने का सबसे पहला और आसान तरीका है गुनगुने पानी और हल्के डिश सोप का उपयोग करना. गरम पानी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे लकड़ी फूल जाती है और जल्दी टूटने लगती है. सफाई करते समय स्क्रब बहुत हार्ड नहीं होना चाहिए, बल्कि सॉफ्ट ब्रश या स्पंज से हल्के हाथों से रगड़ना चाहिए. इससे सतह पर खरोंच भी नहीं आती और गंदगी भी आसानी से निकल जाती है. धोने के बाद इन्हें किसी कपड़े से तुरंत पोंछकर सुखा देना चाहिए ताकि नमी अंदर न जाए.

लकड़ी के किचन सामान को डीप क्लीन करने के लिए नींबू और नमक का घरेलू नुस्खा बेहद असरदार माना जाता है. कटिंग बोर्ड या बड़े चम्मच पर मोटा नमक छिड़कें और आधे कटे नींबू से अच्छी तरह रगड़ें. यह तरीका न सिर्फ जमी हुई गंदगी हटाता है बल्कि लकड़ी की बदबू भी खत्म कर देता है. नींबू में मौजूद प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण लकड़ी को स्वस्थ और साफ रखते हैं. रगड़ने के बाद इसे कुछ मिनट ऐसे ही छोड़ दें और फिर गुनगुने पानी से धोकर सुखा लें. नियमित रूप से यह प्रक्रिया अपनाएं तो लकड़ी लंबे समय तक नई जैसी दिखती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर लकड़ी के बर्तन में कच्चे मसाले, लहसुन या प्याज की तेज गंध आ गई हो, तो बेकिंग सोडा इसका सबसे आसान समाधान है. एक चम्मच बेकिंग सोडा को पानी में मिलाकर पतला पेस्ट बना लें और इसे लकड़ी के बर्तन पर लगाकर कुछ समय के लिए छोड़ दें. इसके बाद हल्के हाथों से रगड़कर साफ पानी से धो लें. इससे खराब गंध तुरंत खत्म हो जाती है और लकड़ी की सतह भी साफ हो जाती है. यह तरीका खास तौर पर उन बर्तनों के लिए बेहद उपयोगी है, जिन्हें रोजाना अधिक इस्तेमाल किया जाता है और जिनमें नमी जल्दी जमा हो जाती है.

लकड़ी के चम्मच और बोर्ड की उम्र बढ़ाने के लिए उन्हें समय-समय पर ऑयल ट्रीटमेंट देना जरूरी होता है. खाद्य तेल जैसे नारियल तेल, सरसों तेल या मिनरल ऑयल से लकड़ी को हल्के हाथों से कोटिंग करें और कुछ घंटों के लिए छोड़ दें. यह प्रक्रिया लकड़ी में नमी बनाए रखती है और उसे सूखने या फटने से बचाती है. खासकर नए लकड़ी के बर्तनों को पहले ही इस तरह का तेल उपचार देना चाहिए. ऑयलिंग करने से लकड़ी की प्राकृतिक चमक निखर आती है और यह लंबे समय तक टिकाऊ रहती है. यह एक ऐसा उपाय है जिससे लकड़ी सचमुच नई जैसी दिखने लगती है.

सफाई और देखभाल के साथ-साथ लकड़ी के बर्तनों को सही तरीके से स्टोर करना भी बेहद जरूरी है. गीले या नम स्थान पर रखने से उनमें फफूंदी लगने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए हमेशा इन्हें पूरी तरह सूखने के बाद ही दराज या रैक में रखें. जिन चम्मचों का रोजाना इस्तेमाल होता है उन्हें खुली हवा वाली जगह पर टांगे या रखें ताकि वे आसानी से सूखते रहें. एक-दूसरे के ऊपर बर्तन नहीं रखना चाहिए क्योंकि इससे हवा का प्रवाह रुक जाता है. सही स्टोरेज लकड़ी की लाइफ बढ़ाता है और उसे खराब होने से बचाता है.

अगर लकड़ी के बर्तन पुराने दिखाई देने लगे हों या उन पर हल्के दाग रह गए हों, तो सफेद सिरका एक बेहतरीन उपाय है. सिरके को पानी में मिलाकर लकड़ी के बर्तन को कुछ मिनट के लिए डुबो दें और फिर स्पंज से साफ कर लें. यह तरीका लकड़ी के दाग, बैक्टीरिया और बदबू को दूर करता है. हालांकि सिरके का इस्तेमाल बहुत ज्यादा बार नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह लकड़ी को अधिक सूखा सकता है. महीने में एक-दो बार इसका उपयोग करना काफी रहता है.
.