Last Updated:
Tips And Tricks: अगर किचन की कढ़ाई बार-बार काली और बदबूदार हो जाती है और आप नई खरीदने का सोच रहे हैं, तो चिंता की जरूरत नहीं. घरेलू नुस्खों से कढ़ाई बिल्कुल नई जैसी चमकदार और साफ हो सकती है. इन आसान टिप्स से मेहनत भी बचेगी और पैसे भी.

जयपुर. किचन में रोजाना इस्तेमाल होने वाली कढ़ाई समय के साथ काली पड़ जाती है. लगातार तेल, मसाले और गर्मी के कारण इसकी सतह पर जमी परत हटाना मुश्किल हो जाता है. कई बार यह इतनी काली दिखने लगती है कि लोग नई कढ़ाई खरीदने के बारे में सोचने लगते हैं. अब ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी आपको. हम आपको कुछ ऐसे घरेलू टिप्स बताएंगे जिनको अपनाकर आप तो पुरानी से पुरानी काली या तेल जमी कढ़ाई भी फिर से एकदम नई बना सकते हैं.

बेकिंग सोडा और नींबू काली कढ़ाई की सफाई के लिए बहुत असरदार घरेलू नुस्खा है. इसके लिए सबसे पहले कढ़ाई को हल्का गर्म करना चाहिए. फिर उसमें नींबू का रस निचोड़ें और ऊपर से हल्का बेकिंग सोडा छिड़कें. कुछ ही सेकंड में झाग निकलने लगेगा. इसके बाद किसी स्क्रबर से धीरे-धीरे रगड़ें. इस प्रक्रिया को दो से तीन बार करने से कढ़ाई की जमी हुई काली परत आसानी से निकल जाती है और वह फिर से चमक जाएगी.

आपको बता दें कि नींबू और बेकिंग सोडा की यह तरकीब न सिर्फ कालेपन को हटाती है, बल्कि कढ़ाई की दुर्गंध भी खत्म कर देती है. इन दोनों प्राकृतिक चीजों में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण बर्तन को कीटाणुरहित बनाने में भी मदद करते हैं. अगर कढ़ाई बहुत पुरानी है और लंबे समय से साफ नहीं हुई है, तो इस उपाय को दो-तीन बार अपनाना पड़ सकता है. इसके बाद कढ़ाई का रंग और चमक दोनों बिल्कुल नए जैसी नजर आएगी.

अगर कढ़ाई बहुत ज्यादा काली पड़ गई है, तो सिरका और नमक का उपयोग करना सबसे सही रहेगा. इसके लिए कढ़ाई को हल्का गर्म करने के बाद उसमें सिरका और थोड़ा नमक डालें. इसे कुछ देर के लिए छोड़ दें ताकि दोनों सामग्री मिलकर जमी हुई गंदगी को ढीला कर दे. इसके बाद हल्का पानी डालकर स्क्रबर से रगड़ें. कुछ ही समय में काली परत आसानी से निकल जाएगी और कढ़ाई फिर से साफ-सुथरी दिखने लगेगी.

सिरका और नमक का मिश्रण खास तौर पर जिद्दी दागों और जली हुई परत को हटाने में मददगार है. यह उपाय किचन में बिना किसी परेशानी के आजमाया जा सकता है. सिरके की एसिडिक प्रकृति गंदगी को ढीला करती है और नमक एक नेचुरल स्क्रबर की तरह काम करता है. दोनों के उपयोग से कढ़ाई की पुरानी मैल भी आसानी से निकल जाती है. इसलिए अगर कढ़ाई बेहद काली है तो यह नुस्खा जरूर आजमाना चाहिए.

पुराने समय में जब मार्केट में ज्यादा क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उपलब्ध नहीं थे, तब लोग कढ़ाई और अन्य बर्तनों को साफ करने के लिए राख का उपयोग करते थे. आज भी यह घरेलू उपाय उतना ही असरदार है. लकड़ी या कोयले की राख को पानी में मिलाकर पेस्ट तैयार करें. अब इस पेस्ट से कढ़ाई को अच्छे से रगड़ें. राख की हल्की खुरदरी बनावट जमी हुई परत को साफ करने में मदद करती है और कढ़ाई को चमकदार बना देती है.

इन आसान घरेलू नुस्खों को अपनाकर आप अपनी पुरानी और काली पड़ चुकी कढ़ाई को बिना ज्यादा खर्च किए फिर से नया जैसा बना सकते हैं. बेकिंग सोडा-नींबू, सिरका-नमक और राख जैसे उपाय पूरी तरह सुरक्षित और असरदार हैं. इनसे न केवल कढ़ाई की चमक लौटती है, बल्कि उसका इस्तेमाल भी लंबे समय तक किया जा सकता है. इसलिए अगली बार जब कढ़ाई काली दिखे, तो नई खरीदने के बजाय पहले इन उपायों को जरूर अपनाएं.
.