बालों का झड़ना किसी के भी लिए डराने वाला अनुभव हो सकता है. सुबह हेयर ब्रश में बालों का ढेर देखना या शॉवर में गिरे डर, कई बार घबराहट पैदा कर देते हैं. कई लोग इस चिंता में जीने लगते हैं कि मेरे बाल क्यों झड़ रहे हैं? दरअसल, इसका एक आम कारण थायरॉइड की समस्या भी हो सकती है. जब हार्मोन असंतुलित होते हैं, तो बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं. लेकिन घबराने की जरूरत नहीं! कुछ आसान और असरदार टिप्स अपनाकर आप हेयर फॉल को कम कर सकते हैं और बालों की सेहत फिर से सुधार सकते हैं. इस लेख में हम आपको बताएंगे वो उपाय, जो थायरॉइड के कारण झड़ रहे बालों को रोकने में मदद करेंगे.
हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, थायरॉइड ग्रंथि आपके शरीर में टी3 और टी4 हार्मोन बनाती है, जो बालों की ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी हैं. अगर ये हार्मोन कम या ज्यादा बनने लगें, तो बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं. इसलिए थायरॉइड के सही संतुलन को बनाए रखना बालों के स्वास्थ्य के लिए अहम है.
क्या बायोटिन से बाल दोबारा उग सकते हैं?
ब्रिटिश थायरॉइड फाउंडेशन के मुताबिक, बायोटिन यानी विटामिन B7 अंडे की जर्दी, नट्स, बीज, सैल्मन, एवोकाडो और शकरकंद जैसे खाद्य पदार्थों में पाया जाता है और इसे बाल व नाखून मजबूत करने के लिए जाना जाता है. आमतौर पर एक वयस्क को रोज़ाना 30 माइक्रोग्राम बायोटिन की जरूरत होती है, जबकि बाजार में मिलने वाले सप्लीमेंट्स में इसकी मात्रा बहुत ज्यादा होती है. थायरॉइड के मरीजों को ध्यान रखना चाहिए कि ज्यादा बायोटिन लेने से थायरॉइड ब्लड टेस्ट के नतीजे गलत आ सकते हैं, इसलिए जांच से कुछ दिन पहले बायोटिन बंद करना और डॉक्टर को सप्लीमेंट की जानकारी देना जरूरी है.
थायरॉइड के कारण बाल झड़ने को रोकने के टिप्स(effective tips to reduce hair fall In Thyroid):
आयरन का सेवन बढ़ाएं
आयरन की कमी फेरेटिन लेवल को घटा देती है. फेरेटिन बालों के लिए जरूरी प्रोटीन है. पालक, चुकंदर, अंडे, ड्राई फ्रूट्स, अनार और फोर्टिफाइड फूड्स अपने आहार में शामिल करें.
प्रोटीन पर्याप्त लें
बालों की मजबूती के लिए प्रोटीन जरूरी है. अंडे, दालें, बीन्स, सीफूड और डेयरी प्रोडक्ट्स से शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन मिले. यह थायरॉइड की दवा के साथ बाल झड़ने को कम करने में मदद करता है.
मल्टीविटामिन और बायोटिन
विटामिन ए, सी, ई, बी, जिंक और कॉपर बालों के लिए फायदेमंद हैं. बायोटिन, जो कि विटामिन बी का हिस्सा है, बालों के झड़ने को कम करने में सहायक होता है.
तनाव कम करें
ज्यादा तनाव कोर्टिसोल लेवल बढ़ा देता है, जिससे हार्मोन असंतुलित होकर बाल झड़ते हैं. मेडिटेशन, डीप ब्रीदिंग और योग से तनाव कम करें.
अश्वगंधा और गुग्गुल
हाइपोथायरॉइडिज्म (वजन बढ़ाने वाला थायरॉइड) में अश्वगंधा लाभकारी है. थायरॉइड संतुलन बनाए रखने के लिए गुग्गुल का सेवन भी फायदेमंद है.
नारियल तेल से सिर की मालिश
गुनगुने नारियल तेल में मेथी और करी पत्ते डालकर सिर की मालिश करें. इससे ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और बाल मजबूत होते हैं. इसे नियमित रूप से करें.
पूरा आराम और नींद
सही नींद थायरॉइड हार्मोन को संतुलित रखने में मदद करती है. नींद कम होने से हार्मोन असंतुलित हो सकते हैं और बाल झड़ने लगते हैं.
थायरॉइड असंतुलन के बावजूद इन सरल उपायों से बालों को मजबूत और स्वस्थ बनाया जा सकता है. सही डाइट, नियमित मालिश, पर्याप्त नींद और तनाव कम करना बालों के झड़ने को काफी हद तक रोकता है. बस लगातार और धैर्य के साथ इन टिप्स को अपनाएं, और अपने बालों को फिर से स्वस्थ और घने बनाएं.