Last Updated:
Health tips: गर्मी के मौसम में लोग शरीर को ठंडक देने के लिए नारियल पानी पीना पसंद करते हैं. लेकिन ज्यादातर लोग पानी पीने के बाद नारियल के अंदर की मलाई को फेंक देते हैं. जबकि एक्सपर्ट के अनुसार नारियल की यही मलाई सेहत के लिए और भी ज्यादा फायदेमंद मानी जाती है. एक्सपर्ट से जानें.
गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखने के लिए लोग नारियल पानी पीना पसंद करते हैं. बाजार, बस स्टैंड और सड़क किनारे नारियल पानी के ठेले पर अक्सर भीड़ दिखाई देती है. लेकिन ज्यादातर लोग नारियल पानी पीने के बाद उसे फेंक देते हैं और अंदर मौजूद मलाई को नहीं खाते.
हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक नारियल के अंदर मौजूद मुलायम मलाई भी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती है. इसमें कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को ताकत देने के साथ कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं. इसलिए अगली बार नारियल पानी पीने के बाद उसकी मलाई जरूर खानी चाहिए.
खरगोन के हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. संतोष मौर्य (एमडी) बताते है कि, नारियल की मलाई में हेल्दी फैट, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं. इसमें खास तौर पर पोटैशियम, मैग्नीशियम और आयरन की मात्रा होती है. ये तत्व शरीर की ऊर्जा बढ़ाने और मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. इसके अलावा नारियल की मलाई शरीर को इंस्टेंट एनर्जी देने का काम भी करती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
नारियल की मलाई में फाइबर अच्छी मात्रा में होता है. यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है. जिन लोगों को कब्ज या पाचन से जुड़ी समस्या रहती है, उनके लिए यह काफी फायदेमंद हो सकता है. इसके अलावा यह पेट को ठंडक देने का काम भी करता है, जिससे गर्मी के मौसम में पेट की जलन या एसिडिटी की समस्या कम हो सकती है.
एक्सपर्ट बताते हैं कि नारियल की मलाई में मौजूद हेल्दी फैट दिल की सेहत के लिए भी अच्छे माने जाते हैं. यह शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है. संतुलित मात्रा में नारियल की मलाई खाने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और हार्ट हेल्थ भी बेहतर बनी रहती है.
नारियल की मलाई में मौजूद पोषक तत्व त्वचा और बालों के लिए भी लाभकारी होते हैं. इसमें एंटीऑक्सीडेंट और हेल्दी फैट होते हैं, जो त्वचा को पोषण देने का काम करते हैं. गर्मी में इसका सेवन करने से त्वचा की नमी बनी रहती है और बालों को भी मजबूती मिलती है.
विशेषज्ञ यह भी बताते है कि, नारियल की मलाई फायदेमंद तो होती है, लेकिन इसे ज्यादा मात्रा में नहीं खाना चाहिए. इसमें फैट की मात्रा अधिक होती है. जिन लोगों को वजन बढ़ने या हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या है, उन्हें सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करना चाहिए.
नारियल पानी पीने के बाद अंदर की मुलायम मलाई को चम्मच से निकालकर सीधे खाया जा सकता है. अगर मलाई ज्यादा नरम हो तो इसे स्मूदी, शेक या फ्रूट सलाद में मिलाकर भी खा सकते हैं. कुछ लोग इसे दही या ओट्स के साथ मिलाकर भी खाते हैं, जिससे इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं.