झाबुआ में तीन साल की लापता बच्ची सुरक्षित मिली: बाजार से हुई थी गायब, 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने खंगाले – Jhabua News


झाबुआ के थांदला कस्बे से शनिवार शाम लापता हुई साढ़े तीन साल की बच्ची अरुति को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। रविवार सुबह बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार ग्वालरुडी निवासी राजेश भाबोर 7 मार्च की शाम अपनी बेटी अरुति के साथ गांधी चौक में खरीदारी करने आए थे। इसी दौरान राजेश एक दुकान पर मोबाइल से ऑनलाइन भुगतान कर रहे थे, तभी बच्ची उनकी नजरों से ओझल हो गई। कुछ देर तलाश के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी और सोशल मीडिया से मिली मदद
थाना प्रभारी अशोक कनेश के नेतृत्व में पुलिस ने तुरंत सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर बस स्टैंड तक करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही बच्ची की फोटो और जानकारी सोशल मीडिया ग्रुपों में भी साझा की गई। इस अभियान में स्थानीय व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों ने भी सहयोग किया। दंपती को बाजार में लावारिस हालत में मिली थी बच्ची
खोजबीन के दौरान रविवार सुबह सूचना मिली कि बच्ची पड़ाधमंजर गांव में एक दंपती के पास है। पुलिस ने वहां पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सजेली निवासी दंपती ने बताया कि उन्हें बच्ची बाजार में लावारिस हालत में मिली थी, जिसके बाद वे उसे अपने साथ ले गए थे। जांच में किसी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। बच्ची को सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों ने थांदला पुलिस की त्वरित कार्रवाई और नगरवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *