Telecom stock: टेलीकॉम सेक्टर से जुड़ी एक कंपनी को उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (Production Linked Incentive Scheme (PLI)) के तहत लगभग 70 करोड़ रुपये मिले हैं. इसके बाद कंपनी के शेयरों में तेजी देखी जा रही है. यहां टाटा ग्रुप की सपोर्ट वाली कंपनी तेजस नेटवर्क्स लिमिटेड की बात की जा रही है. लगभग 6000 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी के शेयर गुरुवार को कारोबार के दौरान 343 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गए, जो 336 रुपये के पिछले बंद भाव से 2 परसेंट ज्यादा है.
स्कीम के तहत अब तक मिल चुके 397 करोड़
नेटवर्किंग और ब्रॉडबैंड इक्विपमेंट बनाने और सप्लाई करने का काम करने वाली कंपनी तेजस नेटवर्क्स लिमिटेड ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि उसे टेलीकॉम और नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव या PLI स्कीम के तहत संचार मंत्रालय से लगभग 70 करोड़ रुपये मिले हैं. यह वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए पात्र प्रोत्साहन की अंतिम किश्त है.
इससे पहले, कारोबारी साल की तीसरी तिमाही में तेजस नेटवर्क्स लिमिटेड को प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) पेआउट की पहली किस्त के तौर पर लगभग 85 करोड़ रुपये मिल चुके हैं. कुल मिलाकर स्कीम के तहत कंपनी को पिछले साल 397 करोड़ रुपये मिले, जिससे लिक्विडिटी काफी मजबूत हुई, कैश फ्लो में सुधार हुआ और स्कीम की तय गाइडलाइंस के हिसाब से ऑपरेशनल मोमेंटम को सपोर्ट मिला.
कहां होगा पैसों का इस्तेमाल?
कारोबारी साल 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी का टोटल ऑर्डर बुक 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जिसमें से 92 परसेंट भारत से और 8 परसेंट इंटरनेशनल मार्केट से हैं. कंपनी को इस दौरान मिले रेवेन्यू में भी घरेलू ऑपरेशन का हिस्सा 85 परसेंट है, जबकि इंटरनेशनल मार्केट का हिस्सा बाकी 15 परसेंट है. ऐसे में कंपनी स्कीम के तहत मिले इस फंड का इस्तेमाल अपने नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में करेगी ताकि देश के साथ-साथ विदेशों में भी इसके कारोबार को मजबूती मिले और कंपनी की मार्केट कंपीटिशन भी बढ़े.
कंपनी को 197 करोड़ का नुकसान
कारोबारी साल 2025-26 की दिसंबर तिमाही में कंपनी के रेवेन्यू में 88 परसेंट की गिरावट आई है, जो पिछले साल की समान तिमाही के 2,642 करोड़ रुपये के मुकाबले इस तिमाही में 307 करोड़ रुपये हो गया. हालांकि, सितंबर तिमाही की 262 करोड़ रुपये से इसने 17 परसेंट की बढ़त हासिल की है.
दिसंबर तिमाही में टाटा ग्रुप की इस कंपनी को 197 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. तेजस नेटवर्क देश की एक बड़ी टेलीकॉम इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर है, जो ऑप्टिकल, वायरलेस, ब्रॉडबैंड और डेटा नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स को डिजाइन और सप्लाई करने का काम करती है. कंपनी दुनिया भर में टेलीकॉम ऑपरेटर्स, एंटरप्राइजेज, यूटिलिटीज और सरकारों को सर्विसेज मुहैया कराती है और अलग-अलग मार्केट में 4G, 5G, फाइबर ब्रॉडबैंड और बड़े पैमाने पर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर डिप्लॉयमेंट को सपोर्ट करती है.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
ये भी पढ़ें:
लंबे समय में तगड़ा मुनाफा कराने का दम रखते हैं ये FMCG स्टॉक्स, जानें ब्रोकरेज को क्यों इन पर भरोसा?
.