160KM की रफ्तार से दौड़ती भागती आ रही तबाही, सबकुछ तहस-नहस कर देगा यह तूफान

अटलांटिक महासागर में उठे तूफ़ान एरिन (Hurricane Erin) ने तेजी से रफ्तार पकड़ ली है. अगले कुछ दिनों में इसके एक बड़ा तूफ़ान बनने की आशंका जताई जा रही है. अमेरिकी राष्ट्रीय हरिकेन केंद्र (NHC) ने शुक्रवार देर रात जारी अपनी एडवाइजरी में बताया कि यह तूफ़ान कैटेगरी-2 से आगे बढ़ते हुए रविवार तक कैटेगरी-4 की तीव्रता हासिल कर सकता है.

NHC के मुताबिक, तूफान एरिन लीवार्ड आइलैंड्स के उत्तर से गुजर रहा है और इसके चलते एंग्विला, सेंट मार्टिन, सेंट बार्थेलेमी, साबा, सेंट यूस्टेटियस और सिंट मार्टन जैसे इलाकों में अगले 24 घंटे में उष्णकटिबंधीय तूफानी हालात पैदा हो सकते हैं. शुक्रवार रात 8 बजे तक तूफ़ान की रफ्तार 85 मील प्रति घंटा दर्ज की गई थी, जो रात 11 बजे तक बढ़कर 100 मील यानी 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि यह तूफान उत्तरी लीवार्ड आइलैंड्स, वर्जिन आइलैंड्स और प्यूर्टो रिको के बेहद नजदीक से गुजरेगा. इन क्षेत्रों के साथ-साथ तुर्क्स एंड कैकोस और दक्षिण-पूर्वी बहामास को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

तूफान से कहां-कहां खतरा

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल तूफ़ान अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा से काफी दूर रहेगा और इसके वहां टकराने की संभावना बेहद कम है. हालांकि, फ्लोरिडा से लेकर न्यू इंग्लैंड और अटलांटिक कनाडा तक के समुद्र तटों पर तेज़ लहरें और खतरनाक रिप करंट्स देखने को मिल सकते हैं.

विशेषज्ञों का अनुमान है कि एरिन कैटेगरी-3 या उससे अधिक की ताकत के साथ प्यूर्टो रिको के उत्तर से गुज़रेगा. इसके बाहरी हिस्सों से प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स में रविवार तक करीब 4 इंच तक बारिश हो सकती है. साथ ही 50 मील प्रति घंटा तक की तेज़ हवाएं और भूस्खलन का खतरा भी बना रहेगा.

18 तूफानों का खतरा

अटलांटिक तूफ़ान सीज़न का चरम सितंबर में होता है. इस बार अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) ने सामान्य से अधिक सक्रिय सीजन की चेतावनी दी है. अनुमान है कि इस सीज़न में 13 से 18 तूफ़ान दस्तक दे सकते हैं, जिनमें से पांच से नौ हरिकेन में बदल सकते हैं.

एरिन इस सीज़न का पहला नामित तूफ़ान है जिसने हरिकेन का रूप ले लिया है. हालांकि अमेरिका की मुख्यभूमि पर इसके सीधे प्रभाव की संभावना घट रही है, लेकिन अटलांटिक तटवर्ती क्षेत्रों के लिए यह तूफ़ान समुद्र में खतरनाक उथल-पुथल और तेज़ धाराओं का बड़ा खतरा बना हुआ है.

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *