Last Updated:
सेब का मुरब्बा सिर्फ स्वाद में लाजवाब नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है. यह पाचन में सुधार करता है, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है. साथ ही, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं और आयरन से भरपूर होने के कारण यह एनीमिया में भी लाभकारी है. आइए जानते है इसके फायदे..
कुछ लोग फल-फ्रूट खाने के काफी शौकीन होते हैं. वहीं, अगर फल-फ्रूट में सेब की बात की जाए तो सेब खाना काफी लोगों को पसंद होता है, लेकिन यह हर मौसम में नहीं मिल पाता और अगर मिलता भी है तो महंगा होता है. लेकिन, आज हम आपको सेब की एक ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे आप सस्ता खरीदने के बाद साल भर उसके संपूर्ण गुणों के साथ खा सकते हैं. हम बात कर रहे हैं सेब के मुरब्बे की. अगर आप भी अपने घर पर सेब का मुरब्बा डालना चाहते हैं तो इस रेसिपी को जरूर देखें.

सेब का मुरब्बा बनाने के लिए सबसे पहले सेब का चयन करना बहुत जरूरी है. सेब का मुरब्बा छोटे आकार के हरे सेब से बनाना चाहिए क्योंकि यह आकार में छोटा होने के साथ-साथ रस से भरपूर होता है. साथ ही, इसे गोदने में आसानी रहती है और इसमें रस आसानी से भर जाता है.

पहले मार्केट से सेब लाने के बाद उसे अच्छे से पानी में साफ कर लें. उसके बाद उसका छिलका उतार दें. छिलका उतारने के बाद सेब को पानी में डालकर रख दें. फिर पानी से निकालने के बाद उसे किसी कांटेदार चम्मच या गुदने वाली मशीन से अच्छे से गूद कर सीधे चाशनी में डाल दें.

सेब के मुरब्बे में इस्तेमाल होने वाली चाशनी को तैयार करने के लिए सबसे पहले चीनी लें. चीनी लेने के बाद उसमें हल्का पानी डालकर गैस पर तब तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह से घुल न जाए. इसके बाद गूदे हुए सेब डालें और तब तक पकाएं जब तक चाशनी में दो तार न निकल जाएं.

लगभग आधे घंटे तक चाशनी में पकने के बाद सेब को चाशनी सहित एक कांच के जार में ठंडा करके भर दें. जब तक सेब पूरी तरह से चाशनी में डूब नहीं जाता, तब तक उसे ऐसे ही जार में रखें. 2 से 3 दिन में सेब का मुरब्बा खाने लायक हो जाता है और जितना पुराना यह मुरब्बा होता जाता है, उतना ही टेस्टी हो जाता है.

अब बात आती है सेब के मुरब्बे को लंबे समय तक कैसे स्टोर किया जा सकता है. जब आपका सेब का मुरब्बा पूरी तरह से तैयार हो जाए, तो उसमें आधा चम्मच नींबू का रस मिला दें. नींबू का रस मिलाने से चाशनी जमेगी नहीं और आपका सेब का मुरब्बा साल भर तक खराब नहीं होगा. नींबू इसमें प्रिजर्वेटिव का काम करता है.

सेब खाने के कई फायदे हैं, जैसे दिल की सेहत में सुधार, वजन घटाने में मदद, बेहतर पाचन, हड्डियों को मजबूती, और कैंसर व मधुमेह जैसी बीमारियों के जोखिम को कम करना. सेब में फाइबर, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व होते हैं.

सेब का मुरब्बा पाचन में सुधार करने, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और कब्ज से राहत दिलाने में फायदेमंद है. यह त्वचा के लिए भी अच्छा है क्योंकि इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं. आयरन से भरपूर होने के कारण यह एनीमिया में भी फायदेमंद हो सकता है.