52 करोड़ की लागत से डबल लेन होने जारी खंडवा की ये सड़क, 50 गांवों को होगा फायदा, हाईवे से जुड़ेंगे

Khandwa News: खंडवा और पंधाना के बीच सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है. अब खंडवा से डोलहार होते हुए पंधाना जाने वाली करीब 24 किलोमीटर लंबी सड़क टू लेन में तब्दील होने जा रही है. लंबे समय से जिस सड़क की मांग की जा रही थी, आखिरकार अब उसका काम शुरू होने जा रहा है. पहले तक इस रास्ते पर लोगों को सिंगल लेन पर सफर करना पड़ता था, अब टू-लेन सड़क से सफर से आसान होगी यात्रा. जगह-जगह गड्ढे, अंधे मोड़ और खराब सड़क की वजह से आए दिन हादसे हो रहे थे. खासकर रात के समय यह रास्ता लोगों के लिए खतरा बन गया था. लेकिन, अब सड़क चौड़ी होने से दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगी और सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित होगा.

जर्जर सड़क का बदलेगा रूप
खंडवा-डोलहार-पंधाना रोड की हालत लंबे समय से खराब थी. यही रास्ता पंधाना, इच्छापुर और बुरहानपुर को जोड़ता है. रोजाना सैकड़ों वाहन इस सड़क से गुजरते हैं. गांवों के लोग, किसान, विद्यार्थी और व्यापारी सभी इसी रास्ते पर निर्भर हैं. सड़क खराब होने से समय भी ज्यादा लग रहा था और वाहन भी जल्दी खराब हो रहे थे. अब यह सड़क सिंगल लेन से टू लेन में बदली जाएगी, जिससे आवागमन आसान होगा और ट्रैफिक जाम की समस्या भी खत्म होगी.

52 से 53 करोड़ की लागत 
LOCAL 18 से बातचीत में सुनील जैन ने बताया कि यह सड़क करीब 52 से 53 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है. लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है. उन्होंने कहा, इस सड़क के बनने से 50 से ज्यादा गांवों को सीधा फायदा मिलेगा. यह रोड खेगावड़ा होते हुए डोलहार तक जाएगी और आगेइंदौर–इच्छापुर हाईवे से जुड़ जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र का कनेक्शन मजबूत होगा.

16 मीटर चौड़ी बनेगी 
वहीं, क्षेत्र की विधायक छाया मोरे ने बताया कि सड़क की चौड़ाई 16 मीटर होगी, जिसमें 12 मीटर डामर रोड बनेगी. पहले सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे थे, जिससे लगातार हादसे हो रहे थे. उन्होंने कहा कि अब यह सड़क अच्छी क्वालिटी की बनेगी, जिससे आम जनता की बड़ी समस्या दूर होगी. साथ ही सफर में लगने वाला समय भी कम होगा. विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि उनके निर्देश पर इस सड़क को दो लेन से बढ़ाकर चौड़ा किया गया, ताकि एक साइड से आने और दूसरी साइड से जाने वालों को अलग-अलग व्यवस्था मिल सके.

इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
टू लेन सड़क से बोरगांव, सिरपुर, पानजरिया, भेरूखेड़ा, खेगावड़ा, बड़गांव, कोरगला, सिलोदा सहित कई गांवों को सीधा फायदा मिलेगा. किसानों को मंडी तक पहुंच आसान होगी, एंबुलेंस और जरूरी सेवाएं भी तेजी से पहुंच सकेंगी. सबसे बड़ी राहत यह कि सड़क चौड़ी होने से अंधे मोड़ खत्म होंगे, ट्रैफिक व्यवस्थित रहेगा और सड़क हादसों में बड़ी कमी आने की उम्मीद है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *