Last Updated:
अनार एक सुपाच्य और पौष्टिक फल है, जिसे स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है. इसमें प्राकृतिक ब्लड प्यूरीफायर, आयरन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो खून बढ़ाने, हृदय को मजबूत रखने, पाचन सुधारने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं. इसके अलावा, अनार का नियमित सेवन त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद है, जबकि सही मात्रा में सेवन करने पर यह डायबिटीज और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में भी सहायक होता है.
अनार एक ऐसा फल है जिसमें प्राकृतिक ब्लड प्यूरीफायर पाया जाता है. इसमें आयरन की पर्याप्त मात्रा होती है, जो खून की कमी (एनीमिया) को दूर करने में सहायक है. गर्भवती महिलाओं और कमजोर शरीर वाले लोगों के लिए इसका सेवन अत्यंत फायदेमंद माना जाता है. इसलिए यदि शरीर में खून की कमी है, तो अनार का नियमित सेवन करना चाहिए.

अनार न केवल खून बढ़ाता है, बल्कि इसका नियमित सेवन हृदय को भी मजबूत बनाता है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट रक्त में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं. यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है और हृदय रोगों के खतरे को कम करता है. अनार का रस प्रोस्टेट और ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को भी घटा सकता है.

अनार के दानों और उसके रस में फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो पाचन क्रिया को दुरुस्त रखती है. यह कब्ज को दूर करने और भूख बढ़ाने में सहायक है. इसमें विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं. नियमित सेवन से मौसमी संक्रमण जैसे खांसी, जुकाम और वायरल बुखार से भी बचाव होता है.

यदि अनार का रस प्रतिदिन सेवन किया जाए तो इससे त्वचा में निखार आता है. इसमें मौजूद एंटी-एजिंग गुण झुर्रियों और त्वचा की ढीलापन को कम करते हैं. इसके अलावा, अनार बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है और बाल झड़ने की समस्या को घटाता है. इसमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे शुगर का स्तर अचानक नहीं बढ़ता. डायबिटीज रोगियों के लिए सीमित मात्रा में अनार का सेवन लाभकारी है.

अनार में पाए जाने वाले पौष्टिक तत्व मस्तिष्क की कार्य क्षमता को बढ़ाते हैं. यह याददाश्त मजबूत करने और तनाव कम करने में मदद करता है. इसमें कम कैलोरी और अधिक फाइबर पाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन नियंत्रित रहता है.

अनार का अधिक सेवन करने से कब्ज या पेट में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं. खासकर जिनकी पाचन क्रिया कमजोर हो, उन्हें इसे सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए. कुछ लोगों में अनार से एलर्जी भी हो सकती है, जिसके कारण त्वचा पर खुजली, सूजन या सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं. इसलिए इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर से परामर्श करना उचित है.

अनार ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है, लेकिन जिन लोगों का ब्लड प्रेशर पहले से ही बहुत कम होता है, उन्हें इसका अधिक सेवन करने से चक्कर और कमजोरी महसूस हो सकती है. इसके अलावा, यदि सर्जरी होने वाली है तो कम से कम 2 सप्ताह पहले अनार का सेवन बंद कर देना चाहिए, क्योंकि यह ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकता है