Last Updated:
Jowar Khichdi ke Fayde: स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आरपी परौहा के अनुसार ज्वार की खिचड़ी कम कैलोरी, ज्यादा फाइबर और भरपूर मिनरल्स से युक्त सुपरफूड है. यह वजन घटाने, ब्लड प्रेशर कंट्रोल और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करती है, साथ ही सर्दियों में शरीर को अंदर से गर्माहट देती है.
मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में ज्वार (जोन्हरी) से बनी खिचड़ी आज भी पारंपरिक थाली की शान मानी जाती है. पीढ़ियों से ग्रामीण क्षेत्रों में खाया जाने वाला यह मोटा अनाज अब एक बार फिर लोगों की डाइट में मजबूती से जगह बना रहा है. खासकर सर्दियों के मौसम में बनने वाली ज्वार की खिचड़ी न केवल शरीर को अंदर से गर्माहट देती है, बल्कि पोषण के लिहाज से किसी सुपरफूड से कम नहीं है.
सफेद और हल्के पीले रंग के छोटे दानों वाला ज्वार प्राकृतिक रूप से फाइबर, प्रोटीन, आयरन और कई जरूरी मिनरल्स से भरपूर होता है. बदलती लाइफस्टाइल में लोग वजन घटाने, शुगर कंट्रोल रखने और दिल को स्वस्थ रखने के लिए फिर से मिलेट्स यानी मोटे अनाज की ओर लौट रहे हैं. यही वजह है कि ज्वार से बनी खिचड़ी अब हेल्दी ईटिंग का नया ट्रेंड बनती जा रही है. चावल की खिचड़ी की तुलना में ज्वार की खिचड़ी हल्की, आसानी से पचने वाली और लंबे समय तक पेट भरा रखने वाली मानी जाती है.
स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉक्टर आरपी परौहा ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि, ज्वार से बने व्यंजन कम कैलोरी और ज्यादा फाइबर वाले होते हैं, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है. ज्वार में मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में सहायक है और हार्ट अटैक के खतरे को कम करती है. वहीं इसमें पाए जाने वाले फिनोलिक एसिड और फ्लेवोनॉइड्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स इम्युनिटी बढ़ाने के साथ-साथ शरीर में सूजन को कम करने में भी मदद करती हैं.
सर्दियों के मौसम में मूंग दाल और ताजी सब्जियों के साथ पकाई गई ज्वार की खिचड़ी शरीर को भरपूर ऊर्जा देती है. गाजर, मटर और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां इसके पोषण को और बढ़ा देती हैं. इसे लंच या डिनर, दोनों समय आराम से खाया जा सकता है. ऊपर से थोड़ा सा देसी घी डालने पर इसका स्वाद और भी निखर जाता है और यह ठंड में शरीर को गर्म रखने में मददगार साबित होती है. खास बात यह है कि अब मिलेट्स से बने फूड ऑनलाइन फूड ऐप्स पर भी आसानी से उपलब्ध हैं. ऐसे में स्वाद, परंपरा और सेहत का बेहतरीन संगम चाहने वालों के लिए सर्दियों में गरमागरम ज्वार की खिचड़ी एक परफेक्ट चॉइस बनती जा रही है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
.