शरीर को अंदर से बिल्कुल साफ कर देगी यह औषधि ! आयुर्वेद ने माना है अमृत समान, बीमारियां रहेंगी कोसों दूर

Bakayan Benefits in Ayurveda: शरीर की अंदरूनी सफाई बेहद जरूरी होती है. इसे अंग्रेजी में डिटॉक्सिफिकेशन कहा जाता है. जब शरीर में जहरीले तत्व जमा हो जाते हैं, तो कई बीमारियों की वजह बनते हैं. इसलिए समय-समय पर ये जहरीले तत्व बाहर निकालना जरूरी है. आयुर्वेद में शरीर को अंदरूनी तरीके से साफ करने के लिए कई जड़ी-बूटियों का वर्णन किया गया है. इनमें से एक बकायन है, जिसे आयुर्वेद एक्सपर्ट्स महानिम्ब भी कहते हैं. यह एक प्राचीन औषधीय जड़ी-बूटी है, जिसका उपयोग हमारी बुजुर्ग पीढ़ियां वर्षों से करती आ रही हैं. यह पेड़ आमतौर पर गांव-देहात में आसानी से मिल जाता है. यह देखने में भले ही साधारण लगे, लेकिन इसके पत्ते, छाल, बीज और फल औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं. आयुर्वेद में कड़वे स्वाद को शरीर को अंदर से शुद्ध करने वाला माना गया है और बकायन इसी गुण के कारण विशेष महत्व रखता है.

आयुर्वेदिक ग्रंथों के अनुसार बकायन खून को साफ करने और शरीर में जमा विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करती है. जिन लोगों को बार-बार फोड़े-फुंसी, दाद, खुजली या त्वचा से जुड़ी एलर्जी की समस्या रहती है, उनके लिए बकायन को बेहद लाभकारी माना गया है. इसके पत्तों का लेप या रस लगाने से त्वचा की जलन, सूजन और खुजली में राहत मिलती है. जब खून अंदर से साफ होता है, तो त्वचा अपने आप स्वस्थ और चमकदार दिखने लगती है. बकायन की एक बड़ी खासियत इसका कृमिनाशक गुण है. पेट में कीड़े, अपच, पेट दर्द या बार-बार दस्त जैसी समस्याओं में इसका उपयोग आयुर्वेद में किया जाता है. इसकी छाल और बीज आंतों को साफ करने और परजीवियों को नष्ट करने में मदद करते हैं. यही वजह है कि बकायन को पाचन तंत्र को मजबूत करने वाली औषधि माना जाता है. यह लिवर को डिटॉक्स करने और शरीर की सफाई में भी सहायक है.

आयुर्वेद एक्सपर्ट्स बताते हैं कि बकायन को जोड़ों के दर्द, सूजन और गठिया जैसी समस्याओं में भी लाभकारी माना गया है. इसके पत्तों या बीजों का लेप लगाने से दर्द, सूजन और अकड़न में राहत मिल सकती है. आयुर्वेद मानता है कि जब शरीर अंदर से शुद्ध रहता है, तो सूजन और दर्द जैसी समस्याएं धीरे-धीरे अपने आप कम होने लगती हैं. बकायन में मौजूद एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण शरीर को संक्रमण से बचाने में भी मदद करते हैं. महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए भी बकायन को उपयोगी माना गया है. भारी माहवारी, श्वेत प्रदर और कुछ गर्भाशय संबंधी समस्याओं में इसे अन्य आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के साथ मिलाकर दिया जाता है. इसका उद्देश्य शरीर को संतुलित रखना और हार्मोनल असंतुलन में राहत देना होता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

आयुर्वेद के अनुसार बकायन अत्यंत गुणकारी औषधि है, लेकिन इसका उपयोग सोच-समझकर करना जरूरी है. इसकी अधिक मात्रा शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है. गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को इसका सेवन करने से पहले किसी योग्य आयुर्वेदाचार्य की सलाह जरूर लेनी चाहिए. सही मात्रा और सही तरीके से उपयोग करने पर बकायन शरीर को अंदर से साफ कर स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है. अगर आप पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले आपको आयुर्वेद एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *