Last Updated:
Success Story: छत्तीसगढ़ बालोद जिले के सोभित राम साहू 30 साल से मेलों में भेलपुरी बेचकर मिसाल बने हैं. 20 रुपये की प्लेट वाली उनकी भेलपुरी इतनी मशहूर है कि रोज 1000 से ज्यादा प्लेट बिकती हैं. खुद तैयार सामग्री और बेहतरीन स्वाद ने उनके छोटे काम को बड़ा इनकम बना दिया है.
Success Story: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के भेंगारी गांव के रहने वाले सोभित राम साहू ने यह साबित कर दिया है कि छोटा काम भी बड़े मुनाफे का जरिया बन सकता है. अगर उसमें मेहनत, निरंतरता और गुणवत्ता हो. पिछले 30 वर्षों से वे मेलों में भेलपुरी का स्टॉल लगाकर न सिर्फ अपनी पहचान बना चुके हैं, बल्कि अच्छी खासी आमदनी भी कर रहे हैं. संचालक सोभित राम साहू का कहना है कि उन्होंने यह काम किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपने शौक और आत्मविश्वास के बल पर शुरू किया था. शुरुआत में यह एक छोटा प्रयास था, लेकिन धीरे-धीरे उनके स्वाद और गुणवत्ता ने उन्हें मेलों का जाना-पहचाना चेहरा बना दिया.
लोग दूर-दूर से खाने पहुंचते
आज स्थिति यह है कि उनकी भेलपुरी खाने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंचते हैं और एक बार खाने के बाद बार-बार लौटकर आते हैं. उनकी सफलता का सबसे बड़ा राज है गुणवत्ता और स्वाद, सोभित राम अपने भेलपुरी में इस्तेमाल होने वाली लगभग सभी सामग्री खुद अपने घर पर तैयार करते हैं. इसमें रोस्टेड मूंगफली, अलग-अलग तरह के मिक्चर, सेव, गाठिया, बारीक सेव, प्याज, टमाटर, सादा चटनी, तीखी मिर्ची चटनी, काला नमक और सादा नमक शामिल होते हैं. यही वजह है कि उनकी भेलपुरी का स्वाद बाकी जगहों से अलग और खास होता है.
मेलों में जबरदस्त डिमांड
महज 20 रुपये में मिलने वाली उनकी एक प्लेट भेलपुरी स्थानीय मेलों में जबरदस्त डिमांड में रहती है. भीड़ कितनी भी हो, सोभित राम तेजी से लोगों को भेलपुरी परोसने में माहिर हैं. यही कारण है कि रोजाना 1000 से अधिक प्लेट भेलपुरी की बिक्री आसानी से हो जाती है. उनकी यह मेहनत न सिर्फ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन रही है. सोभित राम का मानना है कि अगर किसी काम को ईमानदारी और लगन से किया जाए तो वह छोटा नहीं रहता, बल्कि वही काम बड़ी सफलता का रास्ता खोल देता है. आज उनका यह छोटा सा स्टॉल एक सफल व्यवसाय का उदाहरण बन चुका है, जो यह संदेश देता है कि हुनर और मेहनत के दम पर कोई भी व्यक्ति अपनी अलग पहचान बना सकता है.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें
.