भारत के डोमेस्टिक वनडे टूर्नामेंट यानी विजय हजारे ट्रॉफी का बुधवार को आगाज हुआ. 2025-26 सीजन के पहले ही दिन कुल 22 शतक लगे. बिहार ने लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया. वहीं सकीबुल गनी ने 32 गेंद में शतक जड़ विजय हजारे ट्रॉफी की सबसे तेज सेंचुरी लगाई. ओडिशा के स्वास्तिक समल ने 212 रन की पारी खेली. विराट कोहली और रोहित शर्मा के बल्ले से भी शतक निकले. इस बीच एक नाम की चर्चा होने लगी. वह नाम है एन जगदीशन का. इस नाम की चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि इस बल्लेबाज के नाम है लिस्ट ए यानी 50 ओवर के मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड.
लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड तमिलनाडु के विकेटकीपर बल्लेबाज एन जगदीशन के नाम है. जगदीशन ने 21 नवंबर 2022 को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 141 गेंद पर 277 रन की रिकॉर्ड पारी खेली थी. इस रिकॉर्ड लिस्ट में एडी ब्राउन (268 रन) दूसरे नंबर पर और रोहित शर्मा (264 रन) तीसरे नंबर पर हैं.
सकीबुल गनी का सबसे तेज शतक
बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने बुधवार को 32 गेंदों में शतक पूरा किया, ये पुरुष लिस्ट ए क्रिकेट में भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक है. बुधवार को ही झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने 33 गेंद में शतक ठोका. वहीं बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंद में सेंचुरी लगाई. वैभव ने 190 रनों की तूफानी पारी खेली.
इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार हुआ, जब एक पारी में 3 बल्लेबाजों ने शतक लगाया है. बिहार की टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी, कप्तान सकीबुल गनी और आयुष आनंद ने शतक जड़ा. तीनों ने 50 से कम गेंदों में अपने-अपने शतक पूरे किए थे, ये भी एक बड़ा रिकॉर्ड है. बिहार ने 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे बड़ा टीम टोटल है.
.