चोरी फायर स्टेशन प्रभारी के चेंबर में होना बताई जा रही है। घटना के समय ड्यूटी पर स्टाफ के दो लोग भी थे, फिर भी चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। …और पढ़ें
HighLights
- घटना बुधवार करीब 4 बजे की बताई जा रही है
- दिन के समय हुई इस चोरी ने लापरवाही कर दी उजागर
- इस घटना की पुलिस थाने में नहीं दर्ज कराई गई रिपोर्ट
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर में कानून-व्यवस्था और विभागीय लापरवाही को उजागर करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कोलगवां थाने के ठीक सामने स्थित नगर निगम के दमकल स्टेशन में दिनदहाड़े चोरी हो गई। यह घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जिसने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार चोरी स्टेशन प्रभारी कौशलेंद्र सिंह के चेंबर से हुई है।
उस समय ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ में विनीत राव और आशीष सिंह शामिल थे, बावजूद इसके चोर बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोर करीब 5 वायरलेस सेट, एक इमरजेंसी मोबाइल, चार्जर सहित अन्य जरूरी उपकरण अपने साथ ले गए।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद इसकी शिकायत संबंधित थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। जानकारों का कहना है कि विभागीय स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम में प्रभारी फायर अधिकारी सुलभ पाठक की निष्क्रियता भी सामने आ रही है, जिसके चलते इस तरह की वारदात दिनदहाड़े हो गई।
इधर कमिश्नर ले रहे थे मीटिंग, उधर सेंधमारी
जिस समय यह चोरी हुई, उसी दौरान नगर निगम कमिश्नर शेर सिंह मीणा फायर शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर निगम कार्यालय में ले रहे थे। ऐसे में यह सवाल और भी गहरा हो जाता है कि जब विभागीय अधिकारी मीटिंग में व्यस्त थे, तब स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से कैसे ध्वस्त हो गई।
इस घटना ने न केवल दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे थाने के सामने भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे।
.