गुमला : सर्दी का मौसम आ चुका है और नए साल का भी आगमन होने वाला है. ऐसे में बता दें कि गुमला जिले के रायडीह प्रखंड स्थित शंख नदी लोगों को आकर्षित कर रही है. यहां जिले का रायडीह प्रखंड चारों ओर जंगल पहाड़ों और प्राकृतिक छटाओं से भरा पड़ा है. यहां सैलानियों के लिए मनोरम दृश्य बिखरे पड़े हैं .नए साल में शंख नदी का तट लोगों को पिकनिक के लिए आकर्षित करता है. नदियों की कल-कल करती धारा ,चारों ओर हरे भरे पेड़ पौधे ,जंगल ,पहाड़ और चट्टान क्षेत्र को आकर्षक बनाता है. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती चारों ओर से शान्ति एवं शुद्ध वातावरण में लोगों को आकर्षित करती है.
शाम का दृष्य होता है मनमोहक
इसलिए लोग अभी से अपने सगे संबंधियों, दोस्तों के साथ पिकनिक स्पॉट पहुंचने लगे हैं. यहां नदी के तट पर प्राकृतिक सौंदर्य के बीच विभिन्न तरह के पकवान का लुफ्त उठाने के साथ-साथ जमकर नाच, गाना, मौज मस्ती भी कर रहे हैं. शंख नदी के तट पर ऐसे तो सालों भर झारखंड के विभिन्न जिलों सहित छत्तीसगढ़ व अन्य स्थानों से लोग पिकनिक स्पॉट पहुंचते हैं. यहां के मनोरम दृश्य का आनंद उठाते हैं. शाम के समय सूरज ढलने का दृश्य काफी मनोरम और आकर्षक होता है.
सुंदरता देखकर आ जाएगी कश्मीर की याद
रायडीह प्रखंड के शंख नदी के पिकनिक स्पॉट में खुरसुता घाट, पुराना शंख नदी घाट, नया शंख नदी घाट, मोकरा घाट, हीरादाह धाम, रेंगोला डुमरटोली घाट शामिल हैं. रेंगोला डुमर टोली घाट में दो बड़े चट्टानों के बीच से शंख नदी बहती है. नदी के चट्टान के एक तरफ आलिशान चर्च है. जो झारखंड सीमा में है. वहीं, नदी के दूसरी तरफ चट्टान में शिव मंदिर स्थित है. जो छत्तीसगढ़ में स्थित है. दोनों के बीच से बहती शंख नदी का दृश्य काफी मनमोहक व आकर्षक होता है. रेंगोला डुमरटोली घाट से सूर्यास्त का दृश्य काफी मनोरम लगता है. गुमला-जशपुर के बॉर्डर पर स्थित होने के कारण यहां गुमला, छत्तीसगढ़, जशपुर, सिमडेगा आदि के अलावा विभिन्न जगह से लोग यहां आते हैं. साथ ही इस प्राकृतिक स्थल का मजा लेते हैं.
आने-जाने के लिए है बस सेवा
यहां आने-जाने के लिए बस मिल जाती है, लेकिन अपना निजी वाहन से आसानी से घूमकर लौट सकते हैं. यहां की प्राकृतिक छटा आपका मन मोह लेगी. वहीं, बता दें कि गुमला-जशपुर के बॉर्डर पर स्थित शंख नदी का नजारा देख आपको कश्मीर की याद आ जाएगी.
जानें पर्यटकों ने क्या कहा
वहीं, घूमने व पिकनिक मनाने आए पर्यटक उज्वल ने बताया कि गुमला जिले का रायडीह प्रखंड घूमने व पिकनिक मनाने के लिए बेस्ट जगह है. यहां शंख नदी व इसके आस पास देखने लायक काफी मनमोहक जगह हैं. यह चारों ओर जंगल,पेड़-पौधे, पहाड़ व पानी की बहती धारा आकर्षित करती है. इसलिए यहां घूमने के साथ-साथ पिकनिक मनाने के लिए आए है. यहां नए साल में लोग स्पेशली पिकनिक मनाने के लिए आते हैं. यहां प्रकृति का मनमोहक व अद्भुत नजारा अपनी ओर आकर्षित करता है, जिससे मन प्रफुल्लित हो जाता है.
.