Last Updated:
Best Diabetes-Friendly Fruits: अक्सर डायबिटीज के मरीज फल खाने से बचते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि फल खाने से शुगर लेवल बढ़ सकता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो शुगर के मरीजों के लिए फल खाना फायदेमंद है. सेब, अमरूद, नाशपाती, कीवी और जामुन जैसे लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल फाइबर से भरपूर होते हैं और ब्लड शुगर कंट्रोल में रखने में मदद करते हैं. सही मात्रा, सही समय और संतुलित डाइट के साथ इन फलों का सेवन डायबिटीज मैनेजमेंट में रामबाण हो सकता है.
डायबिटीज के मरीजों को खान-पान का विशेष ध्यान रखना पड़ता है, ताकि उनका शुगर लेवल न बढ़े. अक्सर मरीजों को यह डर रहता है कि फल खाने से ब्लड शुगर बढ़ सकता है, इसलिए वे फलों से दूरी बना लेते हैं. हालांकि सच यह है कि सभी फल नुकसानदायक नहीं होते. सही फल, सही मात्रा और सही समय पर खाए जाएं, तो डायबिटीज कंट्रोल हो सकती है.

नई दिल्ली के PSRI हॉस्पिटल की सीनियर डाइटिशियन पूनम दुनेजा ने News18 को बताया कि फलों में नेचुरल शुगर होती है, लेकिन इसके साथ-साथ फाइबर, विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. फाइबर ब्लड में ग्लूकोज के अवशोषण की रफ्तार को धीमा करता है, जिससे शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता है. यही वजह है कि लो-ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल डायबिटीज के मरीजों के लिए सुरक्षित और फायदेमंद माने जाते हैं.

डाइटिशियन के अनुसार सेब डायबिटीज मरीजों के लिए सबसे बेहतर विकल्पों में से एक है. इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ने देता है. सेब खाने से इंसुलिन की कार्यक्षमता बेहतर होती है और भूख भी कंट्रोल में रहती है. रोज एक सेब खाना शुगर के मरीजों के लिए फायदेमंद माना जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अमरूद फाइबर और विटामिन C से भरपूर होता है, जो डायबिटीज मरीजों के लिए बेहद लाभकारी है. इसका सेवन पाचन को मजबूत बनाता है और शुगर लेवल को संतुलित रखने में मदद करता है. अमरूद का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, इसलिए यह ब्लड शुगर को तेजी से नहीं बढ़ाता. इसे छिलके सहित खाना ज्यादा फायदेमंद होता है.

नाशपाती भी लो-ग्लाइसेमिक फल है और इसमें अच्छी मात्रा में फाइबर पाया जाता है. यह शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाता है, जिससे शुगर को कंट्रोल करने में आसानी होती है. नाशपाती का नियमित सेवन ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करता है और यह दिल के लिए भी फायदेमंद है. शुगर के मरीज बेफिक्र होकर नाशपाती खा सकते हैं.

कीवी में प्राकृतिक शुगर कम और फाइबर ज्यादा होता है, इसलिए यह डायबिटीज मरीजों के लिए सुरक्षित माना जाता है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में सूजन को कम करते हैं और इम्युनिटी बढ़ाते हैं. कीवी खाने से पाचन भी बेहतर होता है और ब्लड शुगर लेवल संतुलित बना रहता है.

जामुन को आयुर्वेद में डायबिटीज के लिए बेहद प्रभावी माना गया है. इसमें मौजूद तत्व इंसुलिन के स्राव और उसके प्रभाव को बेहतर बनाते हैं. जामुन खाने से बार-बार प्यास लगना और पेशाब आना जैसी डायबिटीज की समस्याओं में भी राहत मिलती है. जामुन का सेवन ताजे फल या बीज पाउडर के रूप में किया जा सकता है.

हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो ऊपर बताए गए सभी फल डायबिटीज में फायदेमंद हैं, लेकिन इनका सेवन संतुलित मात्रा में करना जरूरी है. एक बार में ज्यादा फल खाने के बजाय दिन में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाना बेहतर होता है. साथ ही फलों का सेवन हमेशा साबुत रूप में करें, जूस से बचें और किसी भी बदलाव से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह जरूर लें.
.