Liver-Damaging Foods: हमारे शरीर की फंक्शनिंग को मेंटेन करने में लिवर सबसे जरूरी भूमिका निभाता है. लिवर हमारे खाने को पचाने के लिए जरूरी तत्वों को प्रोड्यूस करता है और शरीर में मौजूद टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है. लिवर हमारे खाने से मिलने वाले पोषक तत्वों को एनर्जी में बदलता है. बदलती लाइफस्टाइल और अनहेल्दी खानपान ने लिवर की सेहत के लिए गंभीर खतरे पैदा कर दिए हैं. जंक फूड्स का बढ़ता ट्रेंड लिवर को नुकसान पहुंचा रहा है और लिवर से जुड़ी गंभीर समस्याएं पैदा हो रही हैं. कुछ फूड्स तो लिवर के लिए जहर का काम करते हैं. लंबे समय तक इन फूड्स का सेवन करने से लिवर सिरोसिस और लिवर कैंसर तक की नौबत आ सकती है. सभी को इन फूड्स को अवॉइड करना चाहिए.
लिवर के लिए बेहद खतरनाक हैं ये 5 फूड्स
ज्यादा शुगरी चीजों का सेवन करना लिवर के लिए बेहद नुकसानदायक है. केक, कैंडी, पैकेज्ड जूस, सोडा, कोल्ड ड्रिंक्स और मिठाई में अत्यधिक रिफाइंड शुगर और फ्रक्टोज होती है. यह लिवर पर सीधे असर डालती है, क्योंकि लिवर शुगर को फैट में बदलकर जमा करता है. लगातार ज्यादा शुगर का सेवन इंसुलिन रेजिस्टेंस और लिवर में सूजन को बढ़ाता है. सोडा या कोल्ड ड्रिंक्स को लिवर के लिए सबसे ज्यादा हानिकारक माना जाता है. ऐसे में इन चीजों से परहेज करें.
सॉसेज, बेकन, हैम और अन्य प्रोसेस्ड मीट में नाइट्रेट्स समेत कई प्रिजर्वेटिव्स मिलाए जाते हैं, जो लिवर पर दबाव डालते हैं. इन चीजों में नमक की मात्रा भी ज्यादा होती है, जिसकी वजह से ये लिवर को डैमेज कर सकते हैं. लिवर को डैमेज से बचाने के लिए प्रोसेस्ड मीट के बजाय आप ताजे या ग्रिल किए गए मीट का सेवन कर सकते हैं. शाकाहारी विकल्पों में दाल, चना और सोयाबीन को शामिल करें, जो प्रोटीन के लिए सुरक्षित और लिवर के अनुकूल होते हैं.
शराब को लिवर का सबसे बड़ा दुश्मन माना जाता है. शराब में अल्कोहल होता है, जो लिवर की सेल्स को डैमेज करता है और इसकी रिकवरी में बाधा डालता है. लगातार शराब पीने से अल्कोहलिक फैटी लिवर, हेपेटाइटिस और लिवर सिरोसिस जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. ज्यादा शराब पीने से लिवर खराब हो सकता है और शरीर के अन्य ऑर्गन्स भी बर्बाद हो सकते हैं. अगर आप शराब पीते हैं, तो इसे पूरी तरह से बंद कर दें या कम से कम पिएं.
चिप्स, इंस्टेंट नूडल्स, पनीर और पैकेज्ड स्नैक्स में नमक की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. ज्यादा नमक लिवर में सूजन और पानी जमा करने का कारण बन सकता है. समय के साथ लिवर की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. लोगों को लिवर को हेल्दी रखने के लिए पैकेज्ड फूड की जगह ताजे स्नैक्स जैसे भुने चने, फल और हरी सब्जियां खानी चाहिए. खाना बनाते समय नमक की मात्रा कम रखें और प्राकृतिक मसालों का इस्तेमाल करें.
लिवर को हेल्दी रखने के तरीके
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार अपने लिवर को स्वस्थ रखने के लिए इन हानिकारक फूड्स से बचें और हेल्दी डाइट अपनाएं. ताजे फल, सब्जियां, साबुत अनाज, ओमेगा-3 युक्त फूड्स और पर्याप्त पानी का सेवन करें. नियमित व्यायाम, योग और पर्याप्त नींद लिवर को स्वस्थ बनाए रखते हैं. हफ्ते में 5 दिन कम से कम 30 मिनट वॉक करें, शराब और ऑयली फूड्स से दूरी बनाएं और हर साल लिवर की जांच कराएं. लिवर की सुरक्षा से ही शरीर स्वस्थ, एनर्जेटिक और रोगमुक्त रहेगा.