Last Updated:
Hypertension Symptoms: हाई ब्लड प्रेशर एक गंभीर समस्या है और अधिकतर लोगों में इसके लक्षण नजर नहीं आते हैं. इस वजह से धीरे-धीरे शरीर को नुकसान होता रहता है और लोगों को पता ही नहीं चलता है. कुछ सीवियर मामलों में सिरदर्द, सांस फूलना और नाक से खून आना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. ये लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. ब्लड प्रेशर लंबे समय तक ज्यादा रहे, तो यह हार्ट, ब्रेन और अन्य ऑर्गन्स को नुकसान पहुंचा सकता है.
हाई ब्लड प्रेशर जब सीवियर हो जाता है, तब नाक से खून, तेज सिरदर्द और सांस फूलने जैसे संकेत नजर आते हैं.
Hypertension Warning Signs: हाई ब्लड प्रेशर की समस्या तेजी से बढ़ रही है और भारत में करोड़ों लोग इस परेशानी से जूझ रहे हैं. चिंता की बात यह है कि हाई बीपी के अधिकतर मरीजों को अपनी बीमारी के बारे में पता ही नहीं है. मेडिकल की भाषा में इस परेशानी को हाइपरटेंशन कहा जाता है. डॉक्टर्स हाई ब्लड प्रेशर को साइलेंट किलर मानते हैं, क्योंकि इसके लक्षण आमतौर पर नजर नहीं आते हैं और लोगों को अचानक हार्ट अटैक या स्ट्रोक आ जाता है. ऐसे में हाई बीपी को कंट्रोल करना जरूरी होता है, वरना यह मौत की वजह बन सकता है. कुछ मरीजों में हाई बीपी के लक्षण दिखते हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. ये लक्षण अक्सर तब नजर आते हैं, जब बीपी खतरनाक स्तर पर पहुंच जाता है.
क्या होते हैं हाई ब्लड प्रेशर के लक्षण?
अक्सर हाई ब्लड प्रेशर के कोई लक्षण नहीं होते, लेकिन जब यह खतरनाक स्तर पर पहुंचता है, तो कुछ संकेत नजर आ सकते हैं. अगर आपको लगातार या अचानक तेज सिरदर्द हो रहा है, तो यह हाई बीपी का संकेत हो सकता है. खासकर सुबह के समय सिरदर्द हो, तो उसे नजरअंदाज न करें. सीढ़ियां चढ़ते समय या बिना ज्यादा मेहनत के ही सांस फूलना दिल पर बढ़ते दबाव का संकेत हो सकता है. यह भी हाइपरटेंशन का एक गंभीर संकेत है. इसके अलावा बार-बार नाक से खून आना भी हाई ब्लड प्रेशर का गंभीर संकेत हो सकता है. ध्यान रखें ये लक्षण तब दिखते हैं जब स्थिति गंभीर हो चुकी होती है. इसलिए इन्हें इग्नोर न करें.
हाई ब्लड प्रेशर क्यों है खतरनाक?
अगर हाई ब्लड प्रेशर का इलाज न किया जाए, तो यह कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है. इससे हार्ट अटैक, स्ट्रोक, किडनी डैमेज और आंखों की रोशनी पर बुरा असर पड़ता है. 18 साल की उम्र के बाद हर 2 साल में अपने बीपी की जांच करवाएं. 40 साल के बाद हर साल जांच जरूरी है. जिन लोगों को पहले से बीपी या दिल की बीमारी का खतरा है, उन्हें नियमित ब्लड प्रेशर की जांच करानी चाहिए. बीपी को लेकर सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है.
बीपी कंट्रोल करने के आसान तरीके
डॉक्टर्स की मानें तो हाई ब्लड प्रेशर को लाइफस्टाइल में बदलाव करके काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है. हाई बीपी के मरीज नमक का सेवन कम करें, नियमित व्यायाम करें, स्मोकिंग और शराब से दूरी बनाएं, संतुलित और हेल्दी डाइट लें और तनाव कम करने के लिए योग व मेडिटेशन करें. कुछ मामलों में डॉक्टर दवाइयों की भी सलाह दे सकते हैं. हाई ब्लड प्रेशर एक गंभीर लेकिन कंट्रोल की जा सकने वाली स्थिति है. क्योंकि इसके लक्षण अक्सर देर से दिखाई देते हैं, इसलिए नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है. अगर हाई बीपी के कोई भी लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें