रीवा में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें लगी: लोग टैंक फुल कराने पहुंच रहे, प्रशासन बोला- जरूरत से ज्यादा फ्यूल न भरवाएं – Rewa News


ईरान-इजराइल के बीच जारी तनाव का असर अब सीधे आम लोगों पर दिखने लगा है। ईरान और इजराइल के बीच युद्ध जैसी स्थिति की खबरों के बीच रीवा में पेट्रोल और डीजल को लेकर पैनिक माहौल बन गया है। बुधवार को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। लोग टैंक फुल कराने के साथ-साथ बोतलों और डिब्बों में भी ईंधन भरवाते नजर आए। अचानक बढ़ी मांग के कारण कुछ पंपों पर स्टॉक खत्म होने की स्थिति भी बन गई, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई। पंप संचालकों के अनुसार सप्लाई सामान्य है, लेकिन अफवाहों और अनिश्चितता के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराकर खरीदारी न करें, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारी बोले- जिले में पर्याप्त स्टॉक मौजूद
रीवा में पेट्रोल और डीजल को लेकर बनी पैनिक स्थिति के बीच हालात संभालने के लिए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बाद शहर के पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी कतारों को व्यवस्थित करवा रहे हैं और किसी तरह की अफरा-तफरी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं। सुबह से ही वाहन चालकों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। लोग टैंक फुल कराने के साथ अतिरिक्त ईंधन भी जमा करने की कोशिश करते नजर आए, जिससे दबाव और बढ़ गया। रामकुमार पटेल (निवासी, समान) ने बताया कि सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया। काम-धंधा छोड़कर खड़े रहना पड़ रहा है, इससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। सोनू तिवारी (निवासी, सिरमौर चौराहा) ने कहा कि डर के कारण लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं। इसी वजह से भीड़ बढ़ गई है और सामान्य लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शकील अहमद (निवासी, अमहिया) ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी से थोड़ी व्यवस्था बनी है, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा है कि घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। अगर सप्लाई सामान्य है तो प्रशासन को पहले ही स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए थी। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर तेल कीमतों और सप्लाई चेन पर पड़ सकता है, लेकिन फिलहाल स्थानीय स्तर पर किसी तरह की कमी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *