पहली बार हुआ था भारी नुकसान, अब सीधा 1 करोड़ का टर्नओवर, पढ़ें किसान की कहानी!

होमताजा खबरकृषि

पहली बार हुआ था भारी नुकसान, अब सीधा 1 करोड़ का टर्नओवर, पढ़ें किसान की कहानी!

Last Updated:

Tomato Farming Success Story: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के लुकवासा गांव के किसान राजकुमार रघुवंशी ने टमाटर की खेती से एक करोड़ रुपये से अधिक का सालाना टर्नओवर हासिल किया है. शुरुआत में भारी नुकसान झेलने के बाद उन्होंने आधुनिक तकनीकों जैसे ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग शीट का उपयोग कर खेती का तरीका बदल दिया. आज वे 100 बीघा जमीन में टमाटर की खेती कर रहे हैं और लगभग 100 लोगों को रोजगार दे रहे हैं. उनकी सफलता की कहानी बताती है कि नई सोच और वैज्ञानिक तरीके अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है. शिवपुरी के इस स्मार्ट किसान की कहानी देशभर के किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है.

टमाटर की खेती से मुनाफा: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के लुकवासा गांव के किसान राजकुमार रघुवंशी ने यह साबित कर दिया है कि अगर सोच बड़ी हो और तकनीक सही हो, तो खेती भी करोड़ों का कारोबार बन सकती है. आज वे करीब 100 बीघा जमीन में टमाटर की खेती कर रहे हैं और सालाना उनका टर्नओवर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच चुका है. सबसे खास बात ये है कि उनकी खेती से लगभग 100 लोगों को सीधा रोजगार मिल रहा है.

पहली बार हुआ था भारी नुकसान, लेकिन नहीं मानी हार
राजकुमार बताते हैं कि जब उन्होंने पहली बार टमाटर की खेती शुरू की, तब फसल तो शानदार हुई, लेकिन बाजार में भाव गिर गए. लागत ज्यादा और दाम कम मिलने से उन्हें भारी घाटा उठाना पड़ा. लोगों ने सलाह दी कि टमाटर छोड़ दो, लेकिन उन्होंने ठान लिया था कि असफलता से सीखेंगे, भागेंगे नहीं. यहीं से उनकी असली शुरुआत हुई.

आधुनिक तकनीक ने बदली किस्मत
पहले नुकसान के बाद उन्होंने खेती का तरीका बदल दिया. पूरी फसल में मल्चिंग शीट का इस्तेमाल शुरू किया. ड्रिप सिंचाई पद्धति अपनाई, उन्नत किस्म के बीज लगाए, कृषि विशेषज्ञों से सलाह लेना शुरू किया. ड्रिप सिस्टम से पानी की बचत हुई और पौधों को सही मात्रा में खाद मिली. मल्चिंग से खरपतवार कम हुए और मिट्टी की नमी बनी रही. उत्पादन भी बढ़ा और क्वालिटी भी बेहतर हुई.

100 लोगों को मिल रहा रोजगार
इतनी बड़ी खेती को संभालना आसान नहीं. रोपाई, निराई-गुड़ाई, तुड़ाई, छंटाई और पैकिंग जैसे कामों में गांव के करीब 100 लोगों को नियमित काम मिलता है. राजकुमार कहते हैं कि अगर किसान सोच बदल ले, तो खेती में भी इंडस्ट्री जैसी कमाई हो सकती है.

बाजार के उतार-चढ़ाव का भी उठाते हैं फायदा
शिवपुरी का मौसम टमाटर के लिए अनुकूल है. फसल लंबे समय तक चलती है, जिससे बाजार के भाव का इंतजार करने का मौका मिलता है. जब दाम कम होते हैं तो तुरंत पूरी उपज नहीं बेचते. और जब रेट बढ़ते हैं, तब अच्छी कीमत पर माल बेचकर मुनाफा कमाते हैं.

बन गए स्मार्ट किसान की मिसाल
आज राजकुमार रघुवंशी सिर्फ एक किसान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन चुके हैं. उनकी कहानी बताती है कि खेती में अगर तकनीक, धैर्य और समझदारी हो, तो खेतों से भी करोड़ों की फसल उगाई जा सकती है.

About the Author

shweta singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *