Last Updated:
Bakery Business Success Story: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के युवक इमरान ने सिर्फ 30 हजार रुपये का लोन लेकर बेकरी का छोटासा बिजनेस शुरू किया था. दादा की प्रेरणा से शुरू किया गया यह काम आज उनकी बड़ी सफलता की कहानी बन चुका है. पिछले 10 सालों से वे बेकरी चला रहे हैं और हर साल 5 से 6 लाख रुपये तक की कमाई कर रहे हैं. उनकी बेकरी में मावा टोस्ट, बन पाव, खारी और कई तरह के बेकरी आइटम बनाए जाते हैं. जानिए कैसे छोटे निवेश से शुरू हुआ यह बेकरी बिजनेस आज कई लोगों के लिए रोजगार का जरिया बन गया है.
Bakery Business Idea: मध्य प्रदेश के युवाओं में आजकल पढ़ाई के साथ-साथ बिजनेस करने का भी उत्साह देखने को मिल रहा है. कई युवा छोटे स्तर से शुरुआत करके बड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं. ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है बुरहानपुर के इमरान साहब की.
इमरान ने सिर्फ 30 हजार रुपये का लोन लेकर बेकरी का छोटा सा काम शुरू किया था, लेकिन मेहनत और लगन की बदौलत आज उनका यही काम अच्छी कमाई का जरिया बन गया है. वे पिछले 10 साल से बेकरी का कारोबार चला रहे हैं और आज हर साल लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं.
पढ़ाई में मन नहीं लगा, बिजनेस में मिल गई राह
इमरान बताते हैं कि उन्होंने सिर्फ आठवीं तक पढ़ाई की है. इसके बाद उनका पढ़ाई में मन नहीं लगा. उस समय उनके दादा हमेशा उन्हें कुछ अपना काम शुरू करने की सलाह देते थे. इमरान कहते हैं कि दादा की वही बातें उनके दिल में बैठ गईं. उन्होंने फैसला किया कि नौकरी ढूंढने के बजाय खुद का छोटा सा बिजनेस शुरू करेंगे. इसके लिए उन्होंने करीब ₹30,000 का लोन लिया और बेकरी की शुरुआत कर दी. शुरुआत आसान नहीं थी, लेकिन धीरे-धीरे मेहनत रंग लाने लगी और उनका काम चल पड़ा.
10 साल से चला रहे सफल बेकरी
इमरान पिछले 10 वर्षों से बेकरी का कारोबार कर रहे हैं. उनकी दुकान बुरहानपुर के पाला बाजार इलाके में है. वे बताते हैं कि उनकी दुकान सुबह से लेकर देर रात तक खुली रहती है. दुकान पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है. अच्छी क्वालिटी और ताजे सामान की वजह से लोग दूर-दूर से खरीदारी करने आते हैं. आज उनकी बेकरी सिर्फ उनकी कमाई का जरिया ही नहीं है, बल्कि इससे 8 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है.
आधा दर्जन से ज्यादा बेकरी आइटम
इमरान की बेकरी में कई तरह के स्वादिष्ट आइटम तैयार किए जाते हैं. वे बताते हैं कि उनकी दुकान पर करीब आधा दर्जन प्रकार के बेकरी प्रोडक्ट बनाए जाते हैं. इनमें मुख्य रूप से मावा टोस्ट, नान, बन पाव, जीरा रोट, मीठा रोट, खारी. जैसे आइटम शामिल हैं. इनकी अच्छी क्वालिटी और स्वाद की वजह से ग्राहक बार-बार उनकी दुकान पर आते हैं.
सालाना लाखों की कमाई
इमरान बताते हैं कि आज उनके बेकरी प्रोडक्ट ₹60 किलो से लेकर ₹200 किलो तक की कीमत में बिकते हैं. ग्राहकों का भरोसा और बढ़ती मांग के कारण उनका कारोबार लगातार बढ़ रहा है. वे कहते हैं कि इस काम से वे हर साल लगभग 5 से 6 लाख रुपये तक की कमाई कर लेते हैं. उनका सपना है कि आने वाले समय में अपने बिजनेस को और बड़ा करें और ज्यादा लोगों को रोजगार दे सकें.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
.