हनुमान टेकरी धाम में पवित्रता से खिलवाड़, नॉनवेज पर मचा हंगामा; अब लिया गया ऐसा फैसला

Last Updated:

Hanuman Tekri Dham: गुना के हनुमान टेकरी धाम में जब झूला संचालकों के द्वारा मांसाहार पकाने की बात पता चली, तो उस समय हड़कंप मच गया. इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसका खूब विरोध किया है. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं टेकरी ट्रस्ट में भविष्य में झूलों पर बैन भी लगा दिया है.

Zoom

गुना के हनुमान टेकरी धाम में नॉनवेज को लेकर बवाल

Guna News: मध्य प्रदेश के गुना में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर ‘हनुमान टेकरी धाम’ में आयोजित दो दिवसीय मेले में शुक्रवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब कुछ झूला संचालकों द्वारा मेला परिसर में मांसाहार पकाने की सूचना मिली. घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने जमकर विरोध किया. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया. इस पूरे विवाद के बाद टेकरी ट्रस्ट ने अपना फैसला सुनाया. उनकी तरफ से कहा गया कि अब मेले में किसी भी झूले को अनुमति नहीं दी जाएगी.

सात दिन की चेतावनी के बाद भी नहीं माने
झूला संचालकों को पिछले सात दिनों से लगातार समझाया जा रहा था. इसके बावजूद शुक्रवार को झूले के पास लगे टेंट में मांसाहार पकाने और खाने की बात सामने आई. सूचना फैलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौके पर एकत्र हो गए और सख्त कार्रवाई की मांग की.

कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान आफताब के रूप में हुई है, जो राजस्थान के अजमेर का रहने वाला है. आरोपी के विरुद्ध धारा 151 के तहत कार्यवाही की जा रही है.

हिंदू संगठनों और ट्रस्ट के पदाधिकारियों में हुई बहस
घटना के दौरान हिंदूवादी संगठनों और टेकरी ट्रस्ट के पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. ट्रस्ट का पक्ष था कि व्यापार पर रोक नहीं है, किंतु नियमों का पालन अनिवार्य है. विरोध के बढ़ते स्वर के बीच ट्रस्ट ने स्पष्ट कर दिया कि देव स्थल की मर्यादा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं किया जाएगा.

हनुमान टेकरी ट्रस्ट के प्रवक्ता राजेश अग्रवाल ने कहा कि हम पिछले सात दिनों से इन लोगों को समझा रहे थे, लेकिन इसके बावजूद इन्होंने यह दुस्साहस किया. अब भविष्य में किसी भी झूले वाले को यहां अनुमति नहीं दी जाएगी. यह फैसला किसी जाति या वर्ग विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि केवल पवित्रता बनाए रखने के लिए है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *