Home Remedies for Knee Pain Relief: सर्दियों के मौसम में सेहत से जुड़ी कई समस्याएं बढ़ जाती हैं. जिन लोगों को जॉइंट्स या घुटनों के दर्द की समस्या होती है, उनके लिए यह मौसम परेशानी भरा होता है. ठंड लगते ही हड्डियों की जकड़न बढ़ जाती है और ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है. इसकी वजह से जोड़ों में स्टिफनेस आने लगती है और पुराने दर्द दोबारा उभर आते हैं. कई लोगों के पैरों में ठंड के कारण सूजन आ जाती है और लोगों के लिए चलना-फिरना भी मुश्किल हो सकता है. अगर आप भी ठंड की वजह से जोड़ों के दर्द या सूजन से जूझ रहे हैं, तो कुछ घरेलू नुस्खों को आजमाकर देख सकते हैं. इससे आपको दर्द और सूजन से जल्द राहत मिल सकती है.
घुटनों के दर्द से राहत दिलाएंगे ये नुस्खे
गर्म तेल की मालिश स्टिफनेस करेगी दूर : हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो सर्दियों में मसल्स सख्त हो जाती हैं, जिससे जॉइंट में दर्द होने लगता है. ऐसे में गर्म सरसों, तिल या नारियल के तेल से मालिश बेहद फायदेमंद होती है. गर्म तेल त्वचा और ऊतकों में गहराई तक जाकर ब्लड फ्लो बढ़ाता है. इससे सूजन कम होती है और दर्द से राहत मिलती है. रोज रात को सोने से पहले 10 मिनट तक मालिश करने से घुटनों की कठोरता कम हो सकती है.
हल्दी वाला दूध कम करेगा सूजन : हल्दी में मौजूद करक्यूमिन एक मजबूत एंटी-इन्फ्लेमेटरी कंपाउंड है, जो सूजन और दर्द को कम कर सकता है. सर्दियों में रोज रात को हल्के गर्म दूध में एक चौथाई चम्मच हल्दी मिलाकर पीने से घुटनों की सूजन शांत होती है और दर्द में राहत मिलती है. यह शरीर की इम्यूनिटी भी बढ़ाता है, जिससे ठंड के मौसम में होने वाली सूजन कम होने लगती है.
गर्म पानी की सिकाई से मिलेगी राहत : घुटनों में दर्द या जकड़न हो, तो गर्म पानी की सिकाई से तुरंत राहत मिल सकती है. पानी की गर्माहट नसों को शांत करती है, स्टिफनेस कम करती है और जोड़ों में ब्लड फ्लो बढ़ाती है. रोज 15-20 मिनट तक गर्म सिकाई करने से दर्द में जल्दी राहत मिलती है. ध्यान रखें कि पानी बहुत ज्यादा गर्म न हो, वरना स्किन जल सकती है.
मेथी दाना का पानी नेचुरल पेनिकलर : मेथी को जोड़ों के लिए बेहद फायदेमंद माना गया है, क्योंकि इसमें पाए जाने वाले एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट तत्व घुटनों के दर्द को भीतर से कम करने में मदद करते हैं. रात को एक चम्मच मेथीदाना भिगोकर रखें और सुबह चबाकर खाएं या मेथी का लेप बनाकर घुटनों पर लगाएं. दोनों तरीकों से सूजन कम होने और जोड़ों की चलने-फिरने की क्षमता में सुधार देखा जाता है.
अदरक का सेवन भी फायदेमंद : अदरक की तासीर गर्म होती है और इसमें जिंजरॉल नामक एंटी-इन्फ्लेमेटरी तत्व पाया जाता है. यह तत्व ठंड से होने वाले घुटनों के दर्द में बेहद लाभकारी है. अदरक की चाय पीना, गर्म पानी में अदरक डालकर भाप लेना या अदरक का लेप घुटनों पर लगाना दर्द कम करता है और सूजन शांत करता है.
इन बातों का ध्यान रखना भी जरूरी
घुटनों का दर्द केवल मौसम की वजह से नहीं, बल्कि कई अन्य कारणों से भी हो सकता है. सर्दियों में लोग कम चलते-फिरते हैं, जिससे स्टिफनेस बढ़ जाती है. रोज 15-20 मिनट की हल्की एक्सरसाइज जैसे वॉकिंग, स्ट्रेचिंग या योग जोड़ों को मजबूत रखने में मदद करती है. यह ब्लड फ्लो सुधारती है और घुटनों पर पड़ने वाला दबाव कम करती है. हालांकि अगर घुटनों का दर्द कई दिनों तक बना रहे, चलने में कठिनाई हो, सूजन बढ़ जाए या जोड़ में गर्माहट महसूस हो, तो यह गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है. ऐसे में घरेलू नुस्खों के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)