Last Updated:
Neemuch News: ग्रामीणों ने गांव की बेटी पूजा जाट की इस उपलब्धि (MPPSC Result) पर बेहद खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पूजा क्षेत्र की अन्य लड़कियों के लिए अब प्रेरणास्रोत बन गई हैं. पूरे हरवार गांव समेत जीरन और नीमच जिले में हरवार की बेटी पूजा की सफलता पर गौरव और खुशी का माहौल है.
रिपोर्ट- विश्वास देव शर्मा, नीमच. मध्य प्रदेश के नीमच जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम हरवार की जाट समाज की बेटी पूजा जाट ने अपनी मेहनत और लगन से मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC Result) की परीक्षा पास कर ली है. पूजा ने डीएसपी पद पर चयनित होकर गांव हरवार, जीरन क्षेत्र और नीमच जिले का नाम रोशन किया है. जैसे ही यह खबर गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों और जाट समाज के लोगों ने पूजा के घर पहुंचकर बधाइयां दीं. वहीं सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई. पूजा के भाई आनंद जाट ने न्यूज 18 को बताया कि पूजा ने अपनी पढ़ाई की शुरुआत गांव हरवार के प्राथमिक विद्यालय से की थी. आगे की शिक्षा जीरन स्कूल में प्राप्त करने के बाद उन्होंने नीमच कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. सरकारी स्कूलों में पढ़ाई करने के बावजूद पूजा ने अपने दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया.
डिप्टी कलेक्टर बने यशपाल स्वर्णकार
वहीं सागर के ग्राम खमकुआ के रहने वाले यशपाल स्वर्णकार ने MPPSC परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान पाया है. वह डिप्टी कलेक्टर बने हैं. यशपाल ने तैयारी करने वाले लोगों को अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहकर धैर्य और लगन से काम करने पर जोर दिया. यशपाल के पिता किसान हैं. वह अपने पैतृक गांव खमकुआं में खेती करते हैं. इससे पहले यशपाल दो बार एमपीपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं. पहली बार वह ऑडिट ऑफिसर और दूसरी बार टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हुए थे. तीसरी बार में उनका चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है. डिप्टी कलेक्टर बनने पर परिवार और पूरे खमकुआ गांव में खुशी का माहौल है. यशपाल अपने परिवार में पहले सदस्य हैं, जिन्होंने सरकारी नौकरी हासिल की है. परिणाम आने के बाद जब वह अपने गांव पहुंचे, तो उनका जोरदार स्वागत किया गया.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.