भोपाल में धर्मांतरण और सेक्स रैकेट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस केस में दो सगी बहनों को कथित तौर पर दुष्कर्म, जबरन धर्म परिवर्तन और नौकरी दिलाने के नाम पर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी अमरीन और अफरीन को पुलिस ने उनके सहयोगी चंदन यादव के साथ गिरफ्तार किया. रविवार रात 21 और 32 वर्ष की दो महिलाओं ने बाग सेवनिया थाने पहुंचकर अलग-अलग, लेकिन मिलती-जुलती शिकायतें दर्ज कराईं. मामले में तीन अन्य आरोपी बिलाल, चानू और यासिर अब भी फरार बताए जा रहे हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार अब्बास नगर की एक झुग्गी में रहने वाली दोनों बहनें हाल ही में भोपाल के सागर रॉयल विला स्थित एक आलीशान मकान में शिफ्ट हुई थीं. पुलिस की मानें तो यह संपत्ति अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदी गई. FIR के मुताबिक आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की युवतियों को निशाना बनाती थीं. उन्हें घरेलू काम के लिए 10,000 रुपए मासिक वेतन, मुफ्त आवास, भोजन और तथाकथित ‘हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल’ का लालच दिया जाता था.
पार्टी और पब में दिया जाता था नशीला पदार्थ
शिकायतकर्ताओं के अनुसार नौकरी का यह झांसा जल्द ही खौफनाक अनुभव में बदल गया. दोनों महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें पार्टियों, पब और लाउंज में ले जाया जाता था, जहां अमीर पुरुषों से मेलजोल के लिए दबाव बनाया जाता था. FIR में यह भी उल्लेख है कि उन्हें कथित तौर पर शराब और एमडी ड्रग्स का सेवन करने के लिए मजबूर किया गया और कई बार नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया.
दूसरी पीड़िता, जो भोपाल की निवासी है और अमरीन के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी. उसने पुलिस को बताया कि अमरीन के उसे अकेला छोड़ने के बाद नारायण नगर स्थित अपनी बहन के घर पर चंदन यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया. उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी गई.
दबाव में किया धर्म परिवर्तन
मामले में जबरन धर्म परिवर्तन के गंभीर आरोप भी सामने आए हैं. एफआईआर के अनुसार, चंदन यादव ने एक पीड़िता से कथित तौर पर कहा कि मैं इस्लाम कबूल कर चुका हूं, तुम भी मुस्लिम बन जाओ. मैं तुम्हारी शादी अच्छे परिवार में करा दूंगा. पीड़िता का कहना है कि दबाव में उसने धर्म परिवर्तन किया और बाद में उसे बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया. पुलिस इन आरोपों की जांच संबंधित धाराओं के तहत कर रही है.
सोमवार को गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अमरीन, अफरीन और चंदन के मोबाइल फोन जब्त किए. अधिकारियों ने बताया कि अमरीन के फोन में कई संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं, जिनमें कई युवतियों की तस्वीरें मौजूद थीं. जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय हो सकता है, क्योंकि पीड़िताओं का दावा है कि उन्हें गुजरात और मुंबई भी ले जाया गया था.
पुलिस कर रही है जांच
पीड़िताओं ने पुलिस और मीडिया को बताया कि जब भी उन्होंने नौकरी छोड़ने की बात कही. उन्हें धमकाया गया. उनका यह भी आरोप है कि उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर ब्लैकमेल किया जाता था. एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने पुष्टि की कि बाग सेवनिया थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि महिला फरियादी की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया गया है. जांच जारी है. पीड़िता आरोपी महिला के घर पर काम करती थी. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अब आरोपियों के वित्तीय लेन-देन, यात्रा विवरण और डिजिटल कम्यूनिकेशन की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला एक अलग-थलग आपराधिक घटना है या किसी बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा है.
.