Last Updated:
Summer Health Tips: तेज गर्मी के साथ लिवर से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है. डॉक्टरों के अनुसार डिहाइड्रेशन, बढ़ती शुगर और गलत खानपान मिलकर लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं. खासतौर पर डायबिटिक मरीजों को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने और नियमित जांच कराने की सलाह दी जा रही है.
Health Tips: भीषण गर्मी का असर अब सिर्फ थकान या डिहाइड्रेशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंग लिवर पर भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है. खासकर डायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए यह मौसम और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है. डॉक्टरों के अनुसार, गलत खानपान, हीट स्ट्रोक और बढ़ती शुगर लेवल मिलकर लिवर को तेजी से नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे फैटी लिवर, सिरोसिस और यहां तक कि लिवर कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है.
डिहाइड्रेशन और गलत खानपान से लिवर कमजोर
गैस्ट्रोलॉजी और लिवर विशेषज्ञ का कहना है कि गर्मी में शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन सबसे बड़ी समस्या बनकर सामने आती है. साथ ही लोग अक्सर तला-भुना, मसालेदार और बाहर का दूषित खाना ज्यादा खाने लगते हैं, जो लिवर पर अतिरिक्त दबाव डालता है. यही कारण है कि इस मौसम में एसिडिटी, फैटी लिवर और हेपेटाइटिस जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ती देखी जा रही हैं. जिन लोगों को पहले से लिवर से जुड़ी बीमारी है, उन्हें इस दौरान खास सावधानी बरतने की जरूरत है.
लोकल 18 से बातचीत में सतना की कंसल्टेंट फिजिशियन और गैस्ट्रो-लिवर स्पेशलिस्ट डॉ. लक्ष्मी मोहनानी रिजवानी ने बताया, वर्तमान समय में लिवर सिरोसिस के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. इसके पीछे तीन प्रमुख कारण सामने आ रहे हैं, जिसमें हेपेटाइटिस बी वायरस, डायबिटीज और शराब का सेवन. उन्होंने स्पष्ट कहा, डायबिटिक मरीजों को अपने शरीर में शुगर लेवल को सख्ती से नियंत्रित करना चाहिए, क्योंकि बढ़ी हुई शुगर सीधे लिवर को नुकसान पहुंचाती है. वहीं, शराब का सेवन पूरी तरह बंद करना जरूरी है, क्योंकि हालिया रिसर्च बताती है कि लिवर कैंसर और सिरोसिस का खतरा एक बूंद शराब से भी शुरू हो सकता है.
डायबिटिक मरीज इन 3 फलों से रहें दूर
डॉ. रिजवानी के अनुसार गर्मियों में जहां एक ओर फल खाना फायदेमंद माना जाता है. वहीं, डायबिटिक मरीजों को कुछ फलों से दूरी बनानी चाहिए. खासतौर पर आम, केला और चीकू जैसे फलों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी ज्यादा होता है, जिससे शरीर में शुगर तेजी से बढ़ती है और इसका सीधा असर लिवर पर पड़ता है. ऐसे में इन फलों का सीमित या पूरी तरह से परहेज करना बेहतर है.
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये आदतें
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में लिवर को स्वस्थ रखने के लिए हल्का और संतुलित आहार बेहद जरूरी है. अधिक से अधिक पानी पीना, नारियल पानी और ताजे फलों का सेवन करना फायदेमंद होता है. संतरा, तरबूज, खरबूजा, बेरीज, ब्लूबेरी और स्ट्रॉबेरी जैसे एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर फल लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं. इसके अलावा समय समय पर लिवर की जांच और फाइब्रोस्कैन कराना भी जरूरी है ताकि किसी भी समस्या का समय रहते पता लगाया जा सके.
हीट स्ट्रोक से बचाव भी जरूरी
गर्मी के मौसम में हीट स्ट्रोक का खतरा भी लिवर मरीजों के लिए गंभीर हो सकता है. खासकर जो लोग पहले से लिवर सिरोसिस से जूझ रहे हैं उनमें स्थिति बिगड़ने यानी डीकंपनसेशन का खतरा अधिक रहता है. इसलिए तेज धूप और गर्म वातावरण से बचना, पर्याप्त आराम करना और सभी जरूरी सावधानियां बरतना बेहद आवश्यक है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.