MPL ऑक्शन में सबसे महंगे बिके आशुतोष शर्मा, खरीदने के लिए लगी होड़

Last Updated:

मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में आशुतोष शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं. उन्हें मालवा स्टॉलियन की टीम ने 15 लाख रुपए की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है. उन्हें खरीदने के लिए दूसरी टीमों ने भी दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन अंत में बाजी मालवा की टीम के हाथ लगी.

Zoom

MPL ऑक्शन में आशुतोष शर्मा बने सबसे महंगे खिलाड़ी

मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) के तीसरे सीजन का बिगुल बज चुका है. आज इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 10 पुरुष टीमों के खिलाड़ियों के लिए ऑक्शन की प्रक्रिया पूरी की गई. जहां प्लेयर्स को खरीदने के लिए टीमों के बीच होड़ देखने को मिली. IPL की तर्ज पर ही एमपीएल का ऑक्शन किया गया, जहां आशुतोष शर्मा को खरीदने के लिए टीमों के बीच खूब बिडिंग वॉर देखने को मिली. वह पहली बार एमपीएल के ऑक्शन में शामिल हुए थे. उनके अलावा एमपीएल के ग्रेड-ए प्लेयर्स जैसे वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार, अनिकेत वर्मा भी टीमों की निगाह में बने रहे और सभी टीमें उन्हें अपने स्क्वाड का हिस्सा बनाना चाहती थीं. कुल 244 खिलाड़ियों पर ऑक्शन में बोली लगी.

विस्फोटक बल्लेबाजी में माहिर हैं आशुतोष शर्मा
आशुतोष शर्मा आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा हैं और वह विस्फोटक बल्लेबाजी में माहिर हैं. उनके पास वह काबिलियत है कि वह चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदल सकें. मालवा स्टॉलियन ने पंद्रह लाख की बोली लगाकर आशुतोष को इस सीजन का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया. वहीं अक्षत रघुवंशी 13 लाख 80 हजार के साथ दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे.

अनिकेत वर्मा को भोपाल लेपर्ड्स ने 13 लाख 20 हजार रुपए में खरीदा. शिवांग कुमार को बुंदेलखंड बुल्स ने 13 लाख कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया. सारांश जैन को 9 लाख 60 हजार में रॉयल निमाड़ ईगल ने लिया. मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में कुल 244 खिलाड़ियों की बोली लगाई गई, जहां हर टीम को 50 लाख रुपए का पर्स दिया गया.

ग्वालियर और इंदौर में खेला जाएगा MPL
इस बात की संभावना जताई जा रही है कि मध्य प्रदेश लीग जून 2026 में ग्वालियर और इंदौर में खेला जाएगा. इस बार कुल 10 पुरुष टीमें खेलते हुई दिखाई देंगी. इस बार 3 और टीमें लीग से जुड़ी हैं. इनमें मालवा, निमाड़ और उज्जैन की टीमें शामिल हैं. इसके अलावा 2 नई महिला टीमें भी बनी हैं.

महानआर्यमन सिंधिया ने कही ये बात
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने ऑक्शन का आगाज किया. उन्होंने सभी फ्रैंचाइजी ओनर और सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एमपीएल मध्यप्रदेश के क्रिकेटिंग टैलेंट को पहचानने, प्लेटफार्म देने एवं उन्हें आगे बढ़ाने का एक शानदार माध्यम बन चुका हैं. एमपीएल से कई खिलाड़ी शानदार परफॉर्म करके, आईपीएल, WPL और भारतीय टीम में चयन हो रहे है. इस साल पहली बार ऑक्शन हो रहा है. सभी फ्रैंचाइज़ ओनर भी अपनी टीम को खड़ी करने में बहुत मेहनत कर रहे हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *