राजगढ़ जिले के रामगढ से शादी समारोह में शामिल होने आई एक महिला के अचानक खिलचीपुर से लापता हो जाने से परिवार में हड़कंप मच गया है। परिजन महिला की रातभर तलाश कर रहे है। माचलपुर थाना क्षेत्र के रामगढ गांव निवासी 45 वर्षीय भंवरी बाई दांगी बुधवार को खिलचीपुर के समीप गाडाहेट गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। समारोह के बाद वह अपनी छोटी बहन के साथ खिलचीपुर के छापीहेड़ा नाके आई और यह से अपने ससुराल रामगढ जाने की बात कहकर अपनी बहन से अलग हुईं, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। ससुराल जाने का बात कहकर निकली
परिजनों के अनुसार, छापीहेड़ा थाना क्षेत्र के सोनखेड़ा गांव में रहने वाली भंवरी बाई की शादी करीब 25 वर्ष पहले रामगढ़ निवासी रामकैलाश दांगी से हुई थी। बुधवार को वह ससुराल से शादी समारोह में शामिल होने गाडाहेट गांव आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपनी छोटी बहन राजू बाई के साथ खिलचीपुर पहुंचीं। छापीहेड़ा नाके पर पहुंचकर भंवरी बाई ने अपनी बहन से कहा कि वह बस से अपने ससुराल रामगढ़ चली जाएंगी, जिसके बाद दोनों अलग हो गईं। लेकिन रात तक वह अपने ससुराल नहीं पहुंचीं, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। रातभर खोजते रहे परिजन
पति रामकैलाश दांगी, बेटा सुरेश (21) और अन्य परिजन रातभर महिला की तलाश में जुटे रहे। उन्होंने खिलचीपुर, रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। महिला के भाई राम बगस दांगी ने बताया कि मोबाइल की आखिरी लोकेशन रामगढ़ क्षेत्र में दिखाई दे रही है, लेकिन वहां भी तलाश करने पर महिला का पता नहीं चल पाया। आखिरकार मायके और ससुराल के परिजनों ने बुधवार देर रात खिलचीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। शादी समारोह में शामिल होने आई महिला के इस तरह अचानक लापता हो जाने से परिवार सदमे में है और उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद में तलाश जारी है। .