भारत के पूर्व क्रिकेटर और टीम के चीफ सेलेक्टर रहे क्रिस श्रीकांत ने एक बार फिर टीम इंडिया के सेलेक्शन पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऋतुराज गायकवाड़ का चयन ना होने पर कड़ी आपत्ति जताई है. गायकवाड़ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में शतक लगाया था.
क्रिस श्रीकांत ने चयनकर्ताओं पर तंज कसते हुए कहा कि क्या अब ऋतुराज गायकवाड़ को टीम इंडिया में सेलेक्शन के लिए अपनी विकेटकीपिंग स्किल्स भी अच्छी करनी होंगी.
रेड्डी को हटाओ, गायकवाड़ को लाओ
क्रिस श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “शायद ऋतुराज गायकवाड़ कह सकते हैं कि उन्होंने धोनी के साथ क्रिकेट खेला है, इसलिए मैं विकेटकीपिंग भी कर सकता हूं. केवल इसी तरह से उनका टीम में चयन हो सकता है. श्रेयस अय्यर का चयन निश्चित है, इसलिए उनकी टीम में जगह बनती है. मगर गायकवाड़ को भी 15 सदस्यीय स्क्वाड में जरूर होना चाहिए था. नितीश कुमार रेड्डी के बजाय गायकवाड़ को स्क्वाड में लाना चाहिए.”
चयनकर्ताओं पर साधा निशाना
दिग्गज क्रिकेटर ने आगे यह भी कहा कि चाहे ऋतुराज गायकवाड़ शतक ही क्यों ना लगा लें, फिर भी उनकी टीम में जगह पक्की नहीं है. श्रीकांत ने तंज कसते हुए कहा कि चयनकर्ता अब गायकवाड़ की उस सेंचुरी को भूल जाएंगे, जो उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाई थी. इसलिए अब उन्हें दोबारा जीरो से शुरुआत करते हुए रनों का अंबार लगाना होगा.
ऋतुराज गायकवाड़ इस समय बहुत बेहतरीन लय में हैं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतकीय पारी खेल चुके हैं. वहीं विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र के लिए अब तक 5 मैचों में 64 के बढ़िया औसत से 257 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 120.65 का रहा है.
क्रिस श्रीकांत इससे पहले हर्षित राणा को लगातार मिल रहे मौकों की भी आलोचना कर चुके हैं. श्रीकांत ने कहा था कि हर्षित राणा सिर्फ गौतम गंभीर की जी हुज़ूरी के लिए टीम में हैं.
यह भी पढ़ें:
BCCI को झटका! बांग्लादेश के आगे झुक जाएगा ICC, टी20 वर्ल्ड कप का वेन्यू बदलने पर बड़ा खुलासा
.