सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले में सर्दी का असर जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बाजार में रौनक बढ़ने लगी है. हर साल की तरह इस बार भी कोतवाली रोड पर हिमालयन ट्राइबल वूलन मार्केट सज चुका है. यहां आपको ब्रांडेड क्वालिटी के जैकेट, शॉल और स्वेटर बेहद रीजनेबल दामों में मिल जाएंगे. हिमालयन बाजार में दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रहती है. हर कोई अपने बजट में गर्म कपड़े खरीदने आता है. यहां 100 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक की रेंज में कपड़े मिलते हैं. हिमालयन बाजार में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए गर्म कपड़ों की ढेरों वैराइटी है. यहां आपको कॉटन और वूलन जैकेट, हूडी, मफलर, शॉल, टोपी और ग्लव्स तक सब कुछ एक ही जगह पर मिल जाएगा. युवाओं के लिए खास ट्रेंडी डिजाइन वाली हूडी और जैकेट भी उपलब्ध हैं.
इस बाजार की खासियत है कि यहां सभी कपड़ों पर फिक्स रेट होता है. नवंबर से फरवरी के आखिर तक यह बाजार लगता है. फिक्स रेट होने से ग्राहकों को न मोलभाव करना पड़ता है और न किसी तरह की चिंता. पुरुषों के लिए जैकेट, स्वेटर और हूडी 500 से 1500 रुपये तक में उपलब्ध हैं. महिलाओं के लिए शॉल और स्वेटर 480 से 1600 रुपये जबकि बच्चों के लिए बेबी शूट और जैकेट 350 से 1200 रुपये तक में मिलते हैं. छोटे आइटम जैसे टोपी, मफलर और ग्लव्स की कीमत 80 से 520 रुपये तक है.
यह बाजार साल 2019 से लगातार लग रहा है. सर्दियों में खरीदारी के लिए लोगों की पहली पसंद बन जाता है. यहां के कपड़े न सिर्फ सस्ते हैं बल्कि टिकाऊ भी हैं. ग्राहकों का कहना है कि पिछले साल खरीदे कपड़े आज भी नए जैसे हैं. यही भरोसा उन्हें हर साल यहां खींच लाता है. अगर आप भी इस सर्दी में बजट में गर्म और क्वालिटी कपड़े खरीदना चाहते हैं, तो सीधी शहर में लगने वाले हिमालयन ट्राइबल वूलन मार्केट जरूर जाएं. यहां न सिर्फ कपड़ों की वैराइटी है बल्कि बाजार का माहौल भी बेहद खुशनुमा है. सर्दी में गर्मी और फैशन दोनों चाहिए, तो यह मार्केट आपके लिए एकदम परफेक्ट डेस्टिनेशन है.
हिमालयन ट्राइबल वूलन मार्केट के संरक्षक और हिमालय निवासी दीपक खड्का ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि कोतवाली रोड स्थित बाजार में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और नेपाल के व्यापारी पहुंचे हैं. 2019 से हम मध्य प्रदेश में आकर गर्म कपड़ों का व्यापार कर रहे हैं. यहां स्वेटर, शॉल, जैकेट, ब्लेजर, बच्चों के जैकेट समेत गर्म कपड़ों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं. सभी का प्राइस फिक्स है. रिटर्न पॉलिसी नहीं है लेकिन एक्सचेंज 2-3 दिन के अंदर किया जा सकता है. इस बार यह मार्केट 10 फरवरी 2026 तक रहेगी और उसके बाद अतिरिक्त छूट भी मिलेगी. देश के कई राज्यों में हमारी मार्केट लगती है. सीधी के अलावा रीवा, सतना और सिंगरौली में भी बाजार चालू है.
.