बजट के दिन रविवार को भी खुलेगा शेयर बाजार: 1 फरवरी को सामान्य दिनों की तरह ट्रेडिंग होगी, 03:30 बजे तक खुलेगा बाजार


1 फरवरी, 2026 को रविवार होने के बावजूद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा। एक्सचेंजों ने शनिवार, 17 जनवरी को सर्कुलर जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की है। सरकार के निर्देशों के बाद यह फैसला लिया गया है ताकि बजट घोषणाओं पर निवेशक रियल-टाइम में रिएक्ट कर सकें। आमतौर पर शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहता है, लेकिन बजट जैसी बड़ी आर्थिक घटनाओं के लिए एक्सचेंज ‘स्पेशल ट्रेडिंग डे’ घोषित करते हैं। सभी सेगमेंट में होगा काम, समय में कोई बदलाव नहीं NSE और BSE की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 1 फरवरी को इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी और कमोडिटी समेत सभी सेगमेंट्स में ट्रेडिंग होगी। क्यों लिया गया यह फैसला? बजट में टैक्स स्लैब, कैपिटल एक्सपेंडिचर और सेक्टर से जुड़ी बड़ी घोषणाएं होती हैं। अगर रविवार को बाजार बंद रहता, तो निवेशकों को सोमवार का इंतजार करना पड़ता। इससे सोमवार को बाजार में भारी उतार-चढ़ाव होने का डर रहता है। रविवार को मार्केट खुला रहने से निवेशक बजट के हर पॉइंट पर तुरंत अपनी रणनीति बना सकेंगे। पहले बजट फरवरी के आखिरी वर्किंग डे पर आता था। 2017 में अरुण जेटली ने इसे 1 फरवरी कर दिया ताकि नए वित्त वर्ष (1 अप्रैल) से पहले योजनाएं लागू हो सकें। इस बार 1 फरवरी को संडे है, लेकिन सरकार ने तारीख नहीं बदली। सेटलमेंट साइकिल में कोई बदलाव नहीं एक्सचेंजों ने साफ किया है कि भले ही रविवार को ट्रेडिंग हो रही है, लेकिन क्लियरिंग और सेटलमेंट की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा। यह विशेष ट्रेडिंग डे फरवरी 2026 के हॉलिडे कैलेंडर का इकलौता अपवाद होगा। ट्रेडर्स को सलाह दी गई है कि वे रविवार के सत्र के लिए अपने सिस्टम और फंड की तैयारी पहले से कर लें। निर्मला सीतारमण का 9वां बजट होगा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस साल अपना लगातार 9वां बजट पेश करेंगी। वह पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के 10 बजट पेश करने के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच जाएंगी। इस बार के बजट से मिडिल क्लास को टैक्स स्लैब में बदलाव और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के लिए बड़े आवंटन की उम्मीदें हैं। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *