Last Updated:
कमरख, जिसे स्टार फ्रूट भी कहा जाता है, न केवल अपने अनोखे आकार और खट्टे-मीठे स्वाद के लिए मशहूर है, बल्कि यह औषधीय गुणों का भंडार भी है. आयुर्वेद में इसे कई बीमारियों के इलाज में उपयोगी बताया गया है. इसमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट शरीर को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं. खूनी बवासीर से लेकर कोलेस्ट्रॉल, बुखार और पाचन संबंधी दिक्कतों तक — कमरख का सेवन कई स्वास्थ्य समस्याओं में रामबाण साबित होता है.
भारत में कई ऐसे फल और फूल पाए जाते हैं, जिनके औषधीय गुणों की जानकारी बहुत कम लोगों को होती है. ऐसा ही एक फल है कमरख, जिसे सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. कमरख का पेड़ आमतौर पर घरों और बाग-बगीचों में लगाया जाता है. यह आकार में बड़ा होता है और इसके फल धारीदार तथा खट्टे स्वाद वाले होते हैं. यह फल औषधीय गुणों से भरपूर है और इसके सेवन से कई तरह की बीमारियों में लाभ मिलता है.

जिला अस्पताल बाराबंकी के चिकित्सक डॉ. अमित वर्मा (एमडी मेडिसिन) ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि कमरख एक औषधीय फल है, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है. इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन और पोषक तत्व पाए जाते हैं. कमरख में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन C, विटामिन B-5, कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम, सोडियम और फोलेट जैसे तत्व मौजूद होते हैं. इसके नियमित सेवन से शरीर को कई रोगों से छुटकारा पाने में मदद मिलती है.

खूनी बवासीर की समस्या में कमरख का सेवन बेहद लाभकारी माना गया है. मरीज को कमरख के फल का लगभग 5 से 10 मिली रस रोजाना पिलाने से आराम मिलता है. अगर रस उपलब्ध न हो, तो रोजाना 1 या 2 फल खाने से भी खून आना धीरे-धीरे बंद हो जाता है और स्थिति में सुधार दिखने लगता है.

बुखार की स्थिति में कमरख का फल काफी फायदेमंद होता है. इसके सेवन से न केवल बुखार में राहत मिलती है, बल्कि शरीर की कमजोरी भी दूर होती है. कमरख के सूखे फलों का चूर्ण बनाकर रोजाना 1 से 2 ग्राम मात्रा में लेने से बुखार कम हो जाता है. वहीं, कमरख की जड़ का काढ़ा तैयार कर या उसका हिम बनाकर 1 से 2 ग्राम तक सेवन करने पर भी बुखार खत्म हो जाता है और शरीर को ऊर्जा मिलती है.

उल्टी-दस्त और खूनी पेचिश जैसी समस्याओं में कमरख का फल बेहद कारगर साबित होता है. इसके 5 से 10 मिली रस का सेवन करने से न केवल खूनी पेचिश में राहत मिलती है, बल्कि अत्यधिक प्यास और कमजोरी भी कम होती है. यह पेट को ठंडक देता है और पाचन तंत्र को दुरुस्त बनाए रखने में मदद करता है.

कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में असरदार: कमरख का जूस शरीर में मौजूद बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) को घटाने और गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) को बढ़ाने में मदद करता है. इसका नियमित सेवन हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाता है और ब्लड सर्कुलेशन को दुरुस्त रखता है. डॉक्टरों के अनुसार, यह प्राकृतिक डिटॉक्स जूस की तरह काम करता है, जो दिल को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है.