ग्वालियर में चार दिन पहले कॉलेज परिसर में स्मॉकिंग करने से रोकने पर एक युवक ने छात्र से मारपीट कर फायरिंग कर दी थी। घटना बुधवार दोपहर एमएलबी कॉलेज परिसर की थी। घटना की शिकायत कंपू थाना में हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद फायरिंग करने वाले की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार को आरोपी को कोटेश्वर मंदिर के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अभी इस मामले में सौरभ गुर्जर, राघवेन्द्र सिंह यादव व हर्ष गुर्जर फरार हैं। मुरैना के अंबाह निवासी 22 वर्षीय राजपाल सिंह तोमर छात्र है। वह एमएलबी कॉलेज से लॉ की पढ़ाई कर रहा है। बुधवार दोपहर वह अपने साथियों के साथ कॉलेज परिसर में टहल रहा था। वहीं अंकित बघेल स्मोकिंग कर रहा था। इस पर राजपाल ने उसे समझाया कि यहां छात्र पढ़ने आते हैं, इसलिए स्मोकिंग न करे। यदि सिगरेट पीना है तो कॉलेज परिसर से बाहर जाकर पीए। इस बात पर अंकित नाराज हो गया और कुछ देर बाद हिसाब बराबर करने की बात कहकर वहां से चला गया। राजपाल ने उसकी धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। कुछ देर बाद सौरभ गुर्जर, अंकित बघेल, राघवेन्द्र सिंह यादव और हर्ष गुर्जर ने उसे घेर लिया, मारपीट की और उस पर गोली चला दी। फायरिंग करने के बाद हमलावर वहां से भाग गए। घटना के बाद पीड़ित छात्र ने कंपू थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोटेश्वर कॉलोनी में घूमता मिला हमलावर रविवार को कंपू थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग करने वाला बदमाश अंकित बघेल कोटेश्वर कॉलोनी के पास देखा गया है। जिस पर कंपू पुलिस की एक टीम ने आरोपी अंकित की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर अंकित ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कट्टा और फरार साथियों की तलाश जारी कंपू थाना पुलिस का कहना है कि एक आरोपी को पकड़ा गया है। अब उससे पूछताछ की जा रही है कि उसके अन्य साथी कहां हैं?। साथ ही जिस कट्टे से फायरिंग की गई थी, वह किसके पास है। .