4 मिनट पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल
- कॉपी लिंक
हममें से बहुत से लोग हेयरब्रश को सिर्फ एक टूल मानते हैं, जिसे हर सुबह बाल सुलझाने के लिए उठाते हैं और फिर भूल जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हेयरब्रश हमारे बालों की हेल्थ पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
दरअसल हेयरब्रश में समय के साथ बैक्टीरिया और गंदगी जमा हो जाती है। इसके अलावा अगर ब्रश पुराना हो, सख्त ब्रिसल्स वाला हो या हम गलत तरीके से ब्रशिंग करते हैं तो यह बालों को कमजोर कर सकता है।
ये छोटे-छोटे कारण धीरे-धीरे स्कैल्प, बालों की मजबूती और हेल्थ पर गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं। हालांकि कुछ आसान उपायों को अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है।
तो चलिए, आज जरूरत की खबर में हम बात करेंगे कि हेयरब्रश कैसे हमारे बालों की हेल्थ को नुकसान पहुंचा सकता है। साथ ही जानेंगे कि-
- खराब या गंदे हेयरब्रश के इस्तेमाल से किस तरह की समस्याएं हो सकती हैं?
- इन समस्याओं से बचने के क्या उपाय हैं?
एक्सपर्ट: डॉ. निपुण जैन, सीनियर कंसल्टेंट, डर्मेटोलॉजी, श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट, दिल्ली
सवाल- खराब या गंदे हेयरब्रश के इस्तेमाल से किस तरह की समस्याएं हो सकती हैं?
जवाब- जब हम बालों में कंघी करते हैं तो हेयरब्रश स्कैल्प से डेड स्किन सेल्स, नेचुरल ऑयल और स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स के अवशेष जमा कर लेता है। समय के साथ यह ब्रश बैक्टीरिया और यीस्ट के पनपने के लिए अनुकूल माहौल बन जाता है। जब हम इसका इस्तेमाल करते हैं तो ये सभी तत्व स्कैल्प पर वापस चले जाते हैं, जिससे जलन, खुजली और अन्य कई समस्याएं हो सकती हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

आइए, अब इन पॉइंट्स के बारे में विस्तार से बात करते हैं।
खुजली और जलन
गंदे ब्रश पर धूल, तेल और डेड स्किन सेल्स जमा हो जाती हैं। जब इसे बालों में इस्तेमाल किया जाता है तो यह स्कैल्प को इरिटेट करता है, जिससे खुजली और कभी-कभी हल्की जलन हो सकती है।
घाव या इन्फेक्शन
टूटे या खुरदरे ब्रिसल्स वाले ब्रश स्कैल्प पर छोटे कट या घाव बना सकते हैं। इन कट्स में बैक्टीरिया या फंगस प्रवेश कर सकते हैं, जिससे इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
डैंड्रफ जैसी लेयर बनना
हेयरब्रश में जमा तेल और धूल स्कैल्प पर चिपककर धीरे-धीरे डैंड्रफ जैसी मोटी परत बना सकते हैं, जिसे निकलना बहुत मुश्किल होता है।
एलर्जिक रिएक्शन
खराब क्वालिटी या गंदे ब्रश का इस्तेमाल संवेदनशील स्कैल्प पर एलर्जी ट्रिगर कर सकता है। इसके लक्षणों में रेडनेस, चकत्ते और खुजली शामिल हैं।
स्कैल्प में ड्राईनेस
खराब या गंदे ब्रश का इस्तेमाल स्कैल्प की ऑयल ग्रंथियों को असंतुलित कर सकता है। इसका असर यह होता है कि कभी स्कैल्प बहुत ऑयली तो कभी बहुत ड्राई महसूस होती है।
बालों का टूटना और झड़ना
खराब ब्रश या ज्यादा दबाव के कारण बालों की जड़ों को नुकसान पहुंचता है। इससे हेयर फॉल और ब्रेकेज की समस्या बढ़ जाती है।
सवाल- हेयरब्रश की वजह से होने वाली प्रॉब्लम्स से कैसे बचा जा सकता है?
जवाब- इससे बचने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- किस टाइप के हेयर के लिए कैसा ब्रश चुनना चाहिए?
जवाब- डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. निपुण जैन बताते हैं कि हर तरह के बालों के लिए अलग-अलग ब्रश होते हैं। अगर सही ब्रश चुना जाए तो बाल कम टूटते हैं और स्कैल्प भी हेल्दी रहता है। जैसेकि-
- पतले और नाजुक बालों के लिए सॉफ्ट, कुशन वाला ब्रश सबसे बेहतर है। इसके लचीले ब्रिसल्स बालों को खींचते नहीं और आसानी से सुलझा देते हैं।
- घने या घुंघराले बालों के लिए वाइड-टूथ कंघी या डिटैंगलिंग ब्रश सही रहते हैं। ये बालों में फंसते नहीं और फ्रीज को भी कम करते हैं।
- सेंसिटिव स्कैल्प वालों को नेचुरल बोअर ब्रिसल ब्रश या फिर ऐसे ब्रश लेने चाहिए, जिनके ब्रिसल्स गोल और मुलायम हों, ताकि स्कैल्प पर जलन न हो।
- मोटे और स्ट्रेट बालों के लिए पैडल ब्रश अच्छा विकल्प है, जो बड़े हिस्से को आसानी से कवर करता है और बालों को स्मूद बनाता है।
- ब्लो-ड्राई या स्टाइलिंग के लिए राउंड ब्रश का इस्तेमाल करें, जो बालों में वॉल्यूम और शेप लाने में मदद करता है।

सवाल- हेयरब्रश इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
जवाब- हेयरब्रशिंग हमेशा हल्के हाथों से करनी चाहिए। गीले बालों पर ब्रश करने से बाल ज्यादा टूटते हैं, इसलिए इन्हें पहले हल्का सूखने दें और फिर चौड़े दांतों वाली कंघी से सुलझाएं। सबसे पहले बालों के सिरों से शुरू करें और धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ें ताकि बाल खिंचें नहीं और टूटने से बचें।
ब्रशिंग दिन में एक से दो बार ही पर्याप्त है। बार-बार और जोर से ब्रश करने से स्कैल्प का ऑयल बैलेंस बिगड़ सकता है। हमेशा अपने हेयर टाइप के अनुसार ब्रश चुनें और ब्रशिंग करते समय बहुत दबाव न डालें ताकि स्कैल्प पर खरोंच या जलन न हो।
सवाल- हेयरब्रश की सफाई का सही तरीका क्या है?
जवाब- नियमित और सही तरीके से हेयरब्रश की सफाई करना जरूरी है ताकि यह बैक्टीरिया, डेड स्किन सेल्स और गंदगी से मुक्त रहे। इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखें।
- सबसे पहले ब्रश से बाल और गंदगी निकालें।
- अब एक बाउल गुनगुने पानी में माइल्ड शैम्पू या साबुन डालें।
- ब्रश को पानी में डुबोकर हल्के हाथ से साफ करें।
- टूथब्रश या कंघी की मदद से ब्रिसल्स के बीच जमा गंदगी हटाएं।
- ब्रश को साफ पानी से धोकर टॉवल पर उल्टा रखकर सूखने दें।
- ब्रश को कभी भी गीला या बंद कंटेनर में न रखें, इससे उसमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं।
- महीने में कम-से-कम एक बार ब्रश को विनेगर या हाइड्रोजन पेरॉक्साइड जैसे हल्के डिसइन्फेक्टेंट 5-10 मिनट भिगोकर जरूर साफ करें।
……………
जरूरत की ये खबर भी पढ़िए
जरूरत की खबर- हेयर डाई के फायदे और नुकसान: डाई करते हुए बरतें 10 जरूरी सावधानियां, डाई के बाद बालों का ख्याल रखने के 5 तरीके

इंटरनेशनल जर्नल ऑफ इनोवेटिव रिसर्च इन मेडिकल साइंस (IJIRMS) में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक, बार-बार हेयर डाई का इस्तेमाल करने से बाल कमजोर हो सकते हैं और स्कैल्प पर खुजली, जलन या एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। पूरी खबर पढ़िए…
.