तिराना: अल्बानिया की मंत्री गर्भवती हैं 83 बच्चों से, ये बात वहां के प्रधानमंत्री ने खुद बताई है. जिन लोगों को उस मंत्री के बारे में नहीं पता वो ये ऐलान सुन कर भौंचक्के रह गए. इस देश में सितंबर 2025 में ही, एक नई मंत्री बनाई गई थीं डिएला और ठीक एक महीने बाद वहां के प्रधानमंत्री ने बताया की डिएला गर्भवती हैं और वो अगले साल तक 83 बच्चों की मां बन जाएंगी. डिएला कोई इंसान नहीं बल्कि एक AI मंत्री हैं. आगे जानें उन्हें गर्भवती घोषित करने का असल में मतलब क्या है और अल्बानिया में आगे क्या होने वाला है?
अल्बानिया भी वहां के बाकी देशों की तरह 1991 में कम्युनिस्ट शासन से आजाद हुआ, लेकिन उसके बाद भ्रष्टाचार की लहरों ने इसे घेर लिया. पूरा देश मनी लॉन्डरिंग का अड्डा बन गया. हर प्रॉजेक्ट में काला धन चलने लगा और ड्रग्स की तस्करी भी पूरी काली कमाई में जुड़ गई. यहां के सरकारी ठेकों में तो खुले-आम रिश्वतखोरी होने लगी. ये हाल हो गया कि जब अल्बानिया ने यूरोपियन यूनियन का सदस्य बनने के लिए एप्लाई किया तो यूरोप के देशों ने उसकी EU सदस्यता पर ही रोक लगा दी और कहा कि कि पहले अपना सिस्टम ठीक करो.
Edi Rama ने निकाला नया नया तरीका
फिर 2013 में वहां के नए प्रधानमंत्री बने एडी रामा. एडी रामा एक कलाकार थे. विपक्ष तो उन्हें एडी ड्रामा कहता है, खैर वो जो भी करते हैं नाटीय अदाज में करते हैं. UAE में एक बार वो इटली की प्रधानंत्री जॉर्जिया मेलोनी को जन्मदिन की बधाई देने के लिए एक घुटने पर झुक गए थे. ये वही एडी रामा हैं. उन्होंने भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए एक अनोखी नाटकीय तरकीब निकाली. एडी रामा ने तय तय कर लिया कि भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए इंसानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता और एक हथियार चुना जो कभी रिश्वत नहीं लेगा, कभी थकेगा नहीं, और हमेशा निष्पक्ष रहेगा. ये हथियार बना AI, जनवरी 2025 में, चुपचाप, अल्बानिया की सरकारी वेबसाइट ‘ई-अल्बानिया’ पर एक वर्चुअल असिस्टेंट लॉन्च हुई. इस कंप्यूटर प्रोग्राम का नाम था डिएला, अल्बानिया की भाषा में डिएला का मतलब ‘सूरज’ है.
क्या था Diella का काम?
सितंबर में, एडी रामा ने संसद में एक नया धमाका कर दिया. उन्होंने डिएला को मंत्रा बना दिया. अल्बानिया की पारंपरिक पोशाक पहनी महिला की शक्ल वाले AI प्रोग्राम को मंत्री का दर्जा दे दिया. दुनिया की पहली ऐसी मंत्री जो इंसान ही नहीं है बल्कि एक AI मॉडल है. इसके लिए एडी रामा ने अल्बानिया के संविधान को ही दरकिनार करते हुए विशेष आदेश जारी किया क्योंकि संविधान के मुताबिक तो मंत्री तो किसी इंसान को ही बनाया जा सकता था. इस बार AI को मंत्री घोषित करने के पीछे एडी रामा का मकसद था सरकारी खरीद-फरोख्त 100% पारदर्शी करना, मतलब हर टेंडर, हर कॉन्ट्रैक्ट, डिएला के ऐल्गोरिदम से गुजरेगा और मंत्रालय का कोई अधिकारी उसमें दखल नहीं देगा.
Edi Rama का एक और धमाका
इसके बाद रिश्वत का तो छोड़ो, रिश्वत के इल्जाम की भी गुंजाइश खत्म हो गई. फिर भी संसद में हंगामा हो गया. विपक्षी इसे एडी का नया ड्रामा बताने लगे लेकिन अल्बानिया के प्रधानमंत्री यहीं नहीं रुके. 26 अक्टूबर को जर्मनी के बर्लिन में ग्लोबल डायलॉग कॉन्फ्रेंस चल रही थी, दुनिया के नेता वहां इकट्ठा थे इस बीच एडी रामा मंच पर चढ़े और मुस्कुराते हुए बोले कि ‘हमने आज डिएला के साथ बड़ा रिस्क लिया है और पहली बार डिएला गर्भवती हैं, 83 बच्चों के साथ’!
AI मिनिस्ट के गर्भवती होने का क्या है मतलब?
ये सुनते ही सन्नाटा छा गया. क्या मतलब? एक AI मंत्री गर्भवती कैसे हो गई? लोगों ने सोचा मजाक है. फिर एडी रामा ने राज खोला कि ये 83 ‘बच्चे’ जो होंगे वो डिएला के डिजिटल सहायक होंगे. मतलब 83 नए AI मॉडल. अब सवाल उठा कि 83 क्यों? क्योंकि वहां जिस सोशलिस्ट पार्टी की सरकार है उसके 83 सांसद हैं. अब हर सांसद को डिएला का एक बच्चा मिलेगा और डिएला की औलादें संसद की हर बैठक में शामिल होंगीं, सब कुछ रिकॉर्ड करेंगीं. जो भी चर्चा होगी उसके बारे में सांसदों को सलाह देंगीं कि जवाब कैसे देना है. बीच में कोई सांसद कॉफी पीने चला गया और भूल गया लौटना, तो उसका ‘बच्चा’ बताएगा कि जब वो नहीं थे तब ये बोला गया, अब बहानेबाजी की गुंजाइश भी खत्म.
कहने को तो ये बच्चे सांसदों की मदद करेंगे लेकिन एक तरह से सांसदों पर नकेल भी कसी जाएगी.
अगले साल तक ये 83 AI असिस्टेंट तैयार हो जाएंगे इसलिए कहा जा रहा है कि डिएला प्रेग्नेंट हैं. सब कई लोग तो इसको मास्ट्रस्ट्रोक बता रहे हैं. कई लोग वहां कह रहे हैं कि जिसको भ्रष्टाचार करना है वो तो कर के ही रहेगा बल्कि और नए हाई-टेक रास्ते निकाल लेगा. वहां के एक पत्रकार ने कहा कि अल्बानिया में तो डिएला भी भ्रष्ट हो जाएगी.
विपक्ष चिल्ला रहा है कि ये असल में संसद की जासूसी करने का हथियार है. दूसरी तरफ इसके समर्थक कह रहे हैं कि ये EU के लिए संकेत है अल्बानिया अब डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ रहा है और भ्रष्टाचार का कलंक अपने माथे से मिटा रहा है. इससे बाहर की कंपनियां अल्बानिया में निवेश करने को आकर्षित होंगी.
.