Last Updated:
Green Methi Health Benefits: हमारे चारों तरफ ऐसे कई पौधे और फल-फूल हैं, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हैं. इन्हीं में से एक है हरी मेथी, जो शरीर के लिए लाभकारी माना जाता है. आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि हरी मेथी के क्या-क्या फायदे हैं.
प्रकृति में ऐसे कई पौधे हैं, जो इंसानों के लिए बेहद फायदेमंद हैं, इन्हीं में से एक है हरी मेथी. बागेश्वर के आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. ऐजल पटेल ने लोकल 18 को बताया कि हरी मेथी में विटामिन A, C और K भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये विटामिन शरीर की इम्युनिटी को मजबूत बनाते हैं. पहाड़ों में सर्दी अधिक होती है, ऐसे में सर्दी-खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण से बचाव जरूरी होता है. हरी मेथी शरीर को अंदर से गर्माहट देती है और मौसमी बीमारियों से लड़ने की ताकत बढ़ाती है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालते हैं. रोजाना साग या सब्जी के रूप में सेवन करने से शरीर जल्दी बीमार नहीं पड़ता और थकान भी कम महसूस होती है.
हरी मेथी को डायबिटीज के मरीजों के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है. इसमें मौजूद फाइबर ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ने देता है, जिससे अचानक शुगर लेवल नहीं बढ़ता है. यह इंसुलिन को सही तरीके से काम करने में मदद करती है. नियमित रूप से हरी मेथी खाने से शुगर कंट्रोल में रहती है. पहाड़ी इलाकों में लोग इसे उबालकर, साग या पराठे में मिलाकर खाते हैं, जिससे दवा पर निर्भरता भी कम हो सकती है. हालांकि, किसी भी बीमारी में डॉक्टर की सलाह जरूरी होती है.
हरी मेथी फाइबर का अच्छा स्रोत है. फाइबर पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और आंतों की सफाई करता है. जिन लोगों को कब्ज, गैस या एसिडिटी की समस्या रहती है, उनके लिए हरी मेथी बहुत फायदेमंद है. यह पेट को हल्का रखती है और खाना सही तरीके से पचाने में मदद करती है. पहाड़ों में भारी और पारंपरिक भोजन के साथ हरी मेथी खाने से पेट से जुड़ी परेशानियां नहीं होती है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के लिए यह पाचन सुधारने वाला साग है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
हरी मेथी खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करती है. इससे दिल की नसों में जमी चर्बी घटती है और हृदय रोग का खतरा कम होता है. इसमें मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट दिल की सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं. नियमित सेवन से ब्लड प्रेशर संतुलित रहता है और दिल को मजबूत बनाए रखने में सहायता मिलती है. पहाड़ों में लोग पारंपरिक भोजन के साथ हरी मेथी जोड़कर प्राकृतिक रूप से दिल की देखभाल करते हैं.
डॉ. ऐजल पटेल के अनुसार, हरी मेथी में कैलोरी कम होती है, लेकिन पोषक तत्व भरपूर होते हैं. यही कारण है कि यह वजन कम करने वालों के लिए आदर्श भोजन है. फाइबर अधिक होने से पेट देर तक भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती. इससे ओवरईटिंग से बचाव होता है. जो लोग प्राकृतिक तरीके से वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए हरी मेथी एक बेहतरीन विकल्प है. पहाड़ी महिलाएं इसे साग और सब्जी के रूप में नियमित खाकर फिट रहती हैं.
हरी मेथी आयरन का अच्छा स्रोत है. आयरन शरीर में खून बनाने में मदद करता है. खासकर महिलाओं और बच्चों में एनीमिया की समस्या आम होती है. ऐसे में हरी मेथी बेहद फायदेमंद है. नियमित सेवन से कमजोरी, चक्कर आना और थकान जैसी समस्याएं कम होती हैं. पहाड़ों में लोग सर्दियों में इसे इसलिए भी खाते हैं, ताकि शरीर में ताकत बनी रहे और ठंड का असर कम हो.
हरी मेथी में कैल्शियम और विटामिन K पाया जाता है, जो हड्डियों के लिए बहुत जरूरी है. यह हड्डियों को मजबूत बनाती है और जोड़ों के दर्द में राहत देती है. बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह खास फायदेमंद मानी जाती है. ठंडे क्षेत्रों में हड्डियों में अकड़न की समस्या आम होती है, ऐसे में हरी मेथी प्राकृतिक उपचार की तरह काम करती है.
डॉ. ऐजल पटेल ने बताया कि हरी मेथी बालों के झड़ने की समस्या को कम करने में मदद करती है. इसमें मौजूद पोषक तत्व बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं. साथ ही यह त्वचा को साफ और चमकदार बनाती है. शरीर के अंदर से खून साफ होने पर इसका असर चेहरे पर साफ दिखता है. पहाड़ों में लोग मानते हैं कि हरी मेथी खाने से त्वचा में प्राकृतिक चमक आती है और बाल लंबे समय तक स्वस्थ रहते हैं.
.