घर बिखरा है और गेस्ट रास्ते में? सिर्फ 15-20 मिनट में कमरे को सलीकेदार दिखाने की टिप्स

Quick Home Cleaning Tips: अचानक फोन आए कि “हम बस 20 मिनट में आपके घर पहुंच रहे हैं”, तो सबसे पहले दिमाग में यही आता है -अरे, घर तो बिखरा पड़ा है! कुर्सी पर कपड़े, टेबल पर कागज, किचन में बर्तन और बेड पर चादर भी ठीक नहीं. ऐसे में घबराहट होना बिल्कुल नॉर्मल है, लेकिन अच्छी बात ये है कि हर बार पूरे घर की डीप क्लीनिंग करने की जरूरत नहीं होती. थोड़ा स्मार्ट तरीका अपनाकर आप बहुत कम समय में घर को इतना साफ और सलीकेदार दिखा सकते हैं कि आने वाला गेस्ट भी खुश हो जाए और आपको भी शर्मिंदगी महसूस न हो. असल में घर का पूरा साफ होना जरूरी नहीं, साफ दिखना ज्यादा जरूरी होता है, अगर आप सही जगह ध्यान दें, आंखों को दिखने वाली गंदगी हटाएं और थोड़ी सी ऑर्गेनाइजिंग कर दें, तो पूरा माहौल बदल जाता है. कई बार सिर्फ 15–20 मिनट की फास्ट क्लीनिंग से घर में पॉजिटिव वाइब आ जाती है. आज हम आपको वही आसान और काम की ट्रिक्स बता रहे हैं, जिनसे आप अचानक आने वाले मेहमान से पहले घर को जल्दी से प्रेजेंटेबल बना सकते हैं -बिना ज्यादा मेहनत और बिना टेंशन.

1. सबसे पहले “दिखने वाले” गंदे स्पॉट चुनें
पूरा घर एक साथ साफ करने की कोशिश में समय बर्बाद होता है. सबसे पहले ये देखें कि गेस्ट किस एरिया में बैठेंगे. आमतौर पर लिविंग रूम, एंट्रेंस और किचन सबसे ज्यादा नजर आने वाले हिस्से होते हैं. इसलिए पहले इन्हीं जगहों पर फोकस करें. जो चीजें फैली दिख रही हों -जैसे कपड़े, खिलौने, अखबार, बॉटल या चार्जर -उन्हें जल्दी से एक टोकरी या बॉक्स में डालकर साइड में रख दें. इससे तुरंत कमरा व्यवस्थित दिखने लगता है.

2. किचन सिंक और काउंटर तुरंत साफ करें
गेस्ट अगर पानी लेने या चाय के लिए किचन तक आ जाएं तो सबसे पहले नजर सिंक पर ही जाती है. सिंक में पड़े गंदे बर्तन पूरे घर की इमेज खराब कर देते हैं. इसलिए जल्दी से बर्तनों को धो लें या कम से कम पानी से साफ कर व्यवस्थित रख दें. इसके बाद किचन काउंटर को गीले कपड़े से पोंछ दें. तेल के दाग या मसाले की गिरावट हटते ही किचन साफ दिखने लगता है. यह छोटा सा काम पूरे घर की सफाई का असर बढ़ा देता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. जो एरिया साफ नहीं हो पाए-उनके दरवाजे बंद रखें
हर कमरे की सफाई के लिए समय नहीं है तो चिंता की जरूरत नहीं. जिन जगहों पर ज्यादा बिखराव है और आप साफ नहीं कर पाए, बस उनके दरवाजे बंद कर दें. गेस्ट आमतौर पर उन्हीं जगहों पर जाते हैं जहां उन्हें बैठाया जाता है. यह ट्रिक बहुत काम की है, खासकर जब घर बड़ा हो या बच्चे हों. इससे आपको कम समय में बेहतर रिजल्ट मिलता है और तनाव भी कम होता है.

4. बेडरूम का बिस्तर तुरंत ठीक करें
अगर गेस्ट घर के अंदर आते हैं तो बेडरूम पर भी नजर पड़ सकती है. इसलिए बेड को ठीक करना जरूरी है. चादर सीधी करें, तकिए फुलाएं और अगर समय हो तो बेड पर पड़ा सामान हटा दें. सिर्फ 2–3 मिनट में बिस्तर सही करने से कमरा साफ और व्यवस्थित दिखने लगता है. यह छोटा बदलाव पूरे कमरे की लुक बदल देता है.

5. फर्श पर दिखने वाली गंदगी हटाएं
पूरे घर में पोछा लगाने का समय नहीं है तो कम से कम दिखाई देने वाली जगहों पर झाड़ू या हैंड वैक्यूम चला दें. खासकर एंट्रेंस, लिविंग एरिया और सोफे के आसपास. फर्श पर धूल, बाल या कागज के टुकड़े हटते ही घर साफ महसूस होता है. यह भी एक क्विक क्लीनिंग है जो कम समय में बड़ा असर देती है.

6. कुशन, पर्दे और टेबल सेट करें
सोफा कुशन सीधा करें, मुड़े हुए पर्दे ठीक करें और सेंटर टेबल पर रखा सामान व्यवस्थित कर दें, अगर टेबल पर बहुत चीजें हैं तो अतिरिक्त सामान हटा दें. चाहें तो टेबल पर एक मैगजीन, छोटा शोपीस या ट्रे रख सकते हैं. इससे घर सजा हुआ और संभला हुआ दिखता है.

7. आखिरी स्टेप-रूम फ्रेशनर या खुशबू
सफाई के बाद हल्की सी खुशबू घर के माहौल को तुरंत बदल देती है. गेस्ट के आने से ठीक पहले रूम फ्रेशनर स्प्रे करें या अगरबत्ती/सुगंधित कैंडल जला दें. खुशबू दिमाग पर सीधा असर करती है. साफ-सुथरे कमरे के साथ अच्छी महक आने पर घर और ज्यादा स्वागत योग्य लगता है और गेस्ट को भी अच्छा महसूस होता है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *