‘अगर सिर्फ समय ही बिताना था तो पहले ही बता देते। शादी का झांसा देकर मेरी जिंदगी क्यों बर्बाद की? मैंने तो सच्चा प्यार किया, लेकिन तुमने शादी का भरोसा देकर मेरे कई साल बर्बाद कर दिए। शादी नहीं करनी थी तो पहले ही बता देते।’ यह दर्द उस लड़की का है, जिसने प्यार में मिले धोखे के बाद फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। आत्महत्या से पहले लड़की ने गले में फांसी का फंदा लगाकर एक-एक तस्वीर खींचकर युवक को भेजी थी। दरअसल, धार की रहने वाली 24 साल की लड़की ने मंगलवार को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से पुलिस को सुसाइड नोट के कुछ पन्ने और युवती का मोबाइल फोन मिला है। उसमें एक युवक के साथ हुई लंबी वॉट्सएप चैट, कॉल डिटेल और कुछ फोटो भी मिले हैं। चैट में लड़का लड़की को गालियां भी दे रहा है। जांच में सामने आया है कि युवती का चार-पांच साल से एक युवक से प्रेम संबंध था। दैनिक भास्कर ने इस पूरे मामले में लड़की के परिवार और पुलिस से बात की। सुसाइड नोट और वॉट्सएप चैट भी खंगाले। पढ़िए रिपोर्ट… 5 साल से दोस्ती, कई बार रिश्ता भी तुड़वा चुका सुसाइड नोट में लड़की ने लिखा है- मेरी पहचान महेश से इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ी और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। करीब 5 साल पहले शुरू हुए इस रिश्ते में महेश ने कई बार शादी करने का भरोसा दिलाया। मेरे परिवार ने अन्य जगह रिश्ता तलाशा। महेश से पूछा तो उसने मुझसे शादी करने से इनकार कर दिया। मैंने परिवार के खोजे गए रिश्ते को स्वीकार किया तो उसने कहा- उस रिश्ते को तोड़ दे, मैं शादी करूंगा। उस पर भरोसा कर मैंने रिश्ता तोड़ दिया, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया। चैट में युवक ने लड़की से गाली-गलौज भी की लड़की के वॉट्सएप पर चैट भी मिली है। युवती ने युवक को किए मैसेज में अपने साथ हुए धोखे का जिक्र किया है। उधर, युवक ने लड़की को अपशब्द भी कहे। युवक : तुम्हें अब क्या चाहिए? अब मेरे पास तुम्हारे लिए कुछ नहीं है। सब कुछ खत्म हो चुका है। युवती : आपने मेरे साथ ऐसा घटिया मजाक क्यों किया, जब आपको मेरे साथ पूरी जिंदगी नहीं रहना था? युवक : मुझे मजा आ रहा था, इसलिए बस, यहां यह बात कह दी। अब तुम भी आगे बढ़ जाओ। युवती : मेरे साथ ही क्यों किया? मैंने आपका क्या बिगाड़ा था, जो आपने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। युवक : यह सारी बातें यहीं हो चुकी हैं, समझी? युवती : मैं कभी भी आपकी बात नहीं मानती और आपके साथ भी नहीं रहती। युवक : सुनो, अब मेरी भाभी भी मेरे साथ हैं। मैंने उन्हें तुम्हारी सारी हरकतें बता दी हैं। युवती : तुम कहां-कहां, क्या करते रहे, सब बता दिया है? युवक : अब तुम्हारा मुझसे कोई मतलब नहीं है। अब मैं तुम्हारे लिए कोई रिश्ता भी नहीं लाऊंगा। युवती : कल तक बात हो रही थी कि भागकर चलेंगे, लेकिन अब कुछ भी नहीं है… बाय युवक : घर आकर बैठ जाती हो… कैसी औरत हो तुम। आज के बाद मुझे मैसेज मत करना। युवती : ठीक है, तुम्हारे यहां शायद यही होता होगा। दूसरों की बहन-बेटियों की जिंदगी बर्बाद करके खुद अच्छे बन जाते हो। युवक: तुम कोई अच्छी लड़की नहीं हो, बिना सोचे-समझे लोगों के घर चली आती हो। आज के बाद मुझे मैसेज मत करना। युवती : तुमने मेरी पूरी इज्जत खराब कर दी। बड़ी बहन ने बच्ची को संभालने का कहा था बहन सुमन के अनुसार- मंगलवार को घटना के समय मैं और छोटी बहन दोनों घर में थे। मैंने बहन को कहा- तुम कुछ देर बच्ची (बेटी) को संभाल लेना, जब तक मैं बाहर कपड़े धो लेती हूं। उसने हामी भरी और बच्ची को लेकर कमरे में चली गई। मैं बाहर कपड़े धोने लगी। कुछ देर बाद वह बाहर आई। मुझसे कहा- अपना मोबाइल देना। इसके बाद मेरा मोबाइल लेकर कमरे में चली गई। कुछ देर बाद कमरे से बच्ची के रोने की आवाज आने लगी। वह शांत नहीं हुई तो मैं भीतर पहुंची। अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गई। कमरे में बहन फांसी के फंदे पर थी। मैं यह देखकर घबरा गई। चीखती हुए दौड़कर बाहर आई। परिवार और पड़ोसी आ गए। सभी ने बहन को नीचे उतारा। अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सुबह साथ बैठकर चाय पी, लगा नहीं, उसे कोई टेंशन है परिवार ने बताया कि आम दिनों की तरह सुबह सभी ने साथ में चाय पी। दोपहर में दोनों बहनों ने एक साथ बैठकर खाना खाया, तब वह बिलकुल सामान्य थी। हंसी-मजाक भी कर रही थी। उसके व्यवहार से महसूस नहीं हुआ कि वह परेशानी में है या इतना बड़ा कदम उठा सकती है। परिजन बोले- लड़के ने कहीं और सगाई कर ली थी परिजनों के अनुसार- शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ ठीक था। दोनों शादी करने की बात भी करते थे। बाद में शादी को लेकर विवाद शुरू हो गया। परिवार का यह भी कहना है कि युवक कभी शादी के लिए हां करता था तो कभी मना कर देता था। परिवार ने दो जगह रिश्ते की बात चलाई थी। जब युवक को इन रिश्तों के बारे में पता चला तो उसने युवती से कहा कि वह मना कर दे, क्योंकि वह उससे शादी करेगा। उसकी बातों पर भरोसा करते हुए उसने दोनों जगह रिश्ते के लिए मना कर दिया। बाद में अपनी कही से मुकर गया और बोला- अब जहां तेरा परिवार कह रहा है, वहां शादी कर ले। उसने यह इसलिए कहा, क्योंकि उसने कहीं और सगाई कर ली थी। भाभी ने कहा- लड़के को घर बुलाने को कहा था भाभी मुस्कान का कहना है कि उसने बताया था कि वह एक युवक को पसंद करती है। उसी से शादी करना चाहती है। मैंने उसे सलाह दी थी कि वह उस युवक को घर बुला ले, ताकि परिवार के सामने रिश्ते की बात हो सके, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। एक साल से चल रहा था विवाद परिजनों के अनुसार, करीब एक साल से दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। दोनों के बीच फोन और मैसेज पर बहस होती थी। लड़की ने घर में कभी यह जाहिर नहीं होने दिया कि वह इतनी परेशान है। हमें भी इसका अंदाजा नहीं था कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठा लेगी। परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग परिवार का कहना है कि यदि युवक ने समय रहते साफ जवाब दे दिया होता तो शायद युवती इतना बड़ा कदम नहीं उठाती। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। सुसाइड नोट और वॉट्सएप चैट बनी जांच का आधार कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने कहा कि सुसाइड नोट, मोबाइल चैटिंग और परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल फोन से मिले साक्ष्यों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग जांच भी कराई जाएगी, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। .