ऑनर ने अपने दो नए स्मार्टफोन ऑनर Win और ऑनर Win RT लॉन्च कर दिए हैं. ये दोनों फोन दमदार बैटरी, बड़ी डिस्प्ले और फ्लैगशिप प्रोसेसर के साथ आते हैं. ऑनर Win सीरीज खास तौर पर उन यूजर्स के लिए है, जो पावरफुल परफॉर्मेंस और लंबी बैटरी लाइफ चाहते हैं. सबसे पहले तो ये बता दें कि इन फोन को चीन में पेश किया गया है. दोनों स्मार्टफोन तीन कलर ऑप्शन ब्लैक, ब्लू और व्हाइट में उपलब्ध हैं.
इनमें 6.83 इंच की बड़ी OLED डिस्प्ले दी गई है, जिसका रिफ्रेश रेट 185Hz तक जाता है. डिस्प्ले की ब्राइटनेस 6,000 निट्स तक है, जिससे धूप में भी स्क्रीन साफ दिखाई देती है. दोनों फोन Android 16 पर आधारित MagicOS 10 के साथ आते हैं.
ऑनर Win के फीचर्स
ऑनर के इस Win मॉडल में Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है, जो इसे काफी पावरफुल बनाता है. इसमें 16GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज का ऑप्शन मिलता है. कैमरे की बात करें तो इसमें पीछे की तरफ तीन कैमरों का सेटअप है. इसमें 50MP का मेन कैमरा, 50MP का टेलीफोटो कैमरा और 12MP का अल्ट्रा-वाइड मैक्रो कैमरा दिया गया है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए सामने 50MP का कैमरा मौजूद है.
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10,000mAh की बड़ी बैटरी है. ये 100W फास्ट चार्जिंग और 80W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कंपनी के मुताबिक, ये फोन एक बार चार्ज करने पर करीब 16 घंटे तक गेमिंग और 31 घंटे तक वीडियो स्ट्रीमिंग दे सकता है. फोन को IP68, IP69 और IP69K रेटिंग भी मिली है, यानी यह पानी और धूल से काफी हद तक सुरक्षित है.
ऑनर Win RT के फीचर्स
दूसरी तरफ Win RT की बात करें तो ऑनर Win का थोड़ा हल्का वर्जन है. इसमें Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर दिया गया है. कैमरा सेटअप में थोड़ा फर्क है, जहां इसमें पीछे डुअल कैमरा मिलता है. 50MP का मेन कैमरा और 12MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा. फ्रंट में यहां भी 50MP का कैमरा दिया गया है. बैटरी यहां भी 10,000mAh की है, जो 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है.
कितनी है कीमत?
ऑनर Win की शुरुआती कीमत CNY 3,999 (करीब 51,000 रुपये) है, जबकि ऑनर Win RT की कीमत CNY 2,699 (करीब 33,000 रुपये) से शुरू होती है. साफ तौर पर ऑनर Win और ऑनर Win RT दोनों ही बड़े डिस्प्ले, जबरदस्त बैटरी और फ्लैगशिप परफॉर्मेंस के साथ आने वाले स्मार्टफोन हैं, जो पावर यूजर्स को काफी पसंद आ सकते हैं.
.