मुरैना की नूराबाद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में पिछले पांच माह से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हाईवे के पास से दबोचा। उसके कब्जे से एक कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ
.
नूराबाद थाना क्षेत्र के गुलेंद्री गांव में सितंबर माह में पुरानी रंजिश के चलते विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपियों ने पंजाब सिंह गुर्जर को गोली मार दी थी। गोली लगने से पंजाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां करीब एक महीने तक उनका इलाज चला।
5 हजार का था इनाम, बाहर भागने की फिराक में था घटना के बाद पुलिस ने मामला (अपराध क्रमांक 144/25) दर्ज कर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी गजेंद्र गुर्जर (निवासी बाबरखेड़ा, थाना सराय छोला) फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक मुरैना ने उस पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार आरोपी गजेंद्र गुर्जर हाईवे के पास खड़ा है और कहीं बाहर भागने की फिराक में किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से हथियार भी मिले हैं।