खरगोन से बड़वानी जा रही बस खेत में उतरी, CCTV: हादसे में 16 यात्री घायल, स्टेयरिंग सिस्टम अचानक फेल होने से हादसा – Barwani News


बड़वानी-खंडवा बड़ोदा स्टेट हाईवे पर राजपुर में नायरा पेट्रोल पंप के पास एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। खरगोन से बड़वानी की ओर आ रही अमन ट्रैवेल्स की बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में उतर गई। इस हादसे में 15 से 16 यात्री घायल हुए हैं। स्टेयरिंग सिस्टम अचानक फेल हो जाने से हादसा जानकारी के मुताबिक, बस का स्टेयरिंग सिस्टम अचानक फेल हो जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बस सीधे सड़क किनारे खेत में जा घुसी। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बस को सड़क से नीचे उतरते देखा जा सकता है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल 9 यात्री जिला अस्पताल सभी घायल यात्रियों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद, गंभीर रूप से घायल 9 यात्रियों को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। बीएमओ डॉ. देवेंद्र रोमड़े ने बताया कि अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे यात्री जितेंद्र अहिरवार ने बताया कि खंडवा से बड़वानी जा रही अमन बस (MP 12 P 0379) जुलवानिया रोड पर अनियंत्रित हुई। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। उन्होंने यह भी बताया कि बस की गति कम होने के कारण सभी लोग सुरक्षित रहे। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। अधिकारी गजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी कारणों की भी पड़ताल शुरू कर दी है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *