झूलते हाई-वोल्टेज तारों की चपेट में आए भाई: छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती; खेत की ओर गए थे – Chhindwara News


छिंदवाड़ा जिले में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। शनिवार शाम खेत में फंसी पतंग देखने गए दो सगे भाई हाई-वोल्टेज बिजली तारों की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों किशोर बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, समर्थ (12) और प्रिंस (15) स्कूल से लौटने के बाद खेत की ओर गए थे। इसी दौरान वहां नीचे झूल रहे बिजली के तारों से उनका संपर्क हो गया। तेज करंट की चपेट में आते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पहले भी की गई थीं शिकायतें, नहीं हुई सुनवाई
परिजनों का आरोप है कि इस क्षेत्र में बिजली के तार लंबे समय से खतरनाक स्थिति में नीचे झूल रहे हैं। इस संबंध में वे तीन बार एम.पी.ई.बी. (मध्यप्रदेश विद्युत मंडल) में शिकायत कर चुके थे, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। समय रहते तारों की मरम्मत या ऊंचाई ठीक कर दी जाती, तो यह हादसा टल सकता था। ग्रामीण इलाकों में लगातार बना खतरा
ग्रामीण क्षेत्र के कई हिस्सों में इसी तरह खुले और झूलते बिजली तार जानलेवा बने हुए हैं। इसके बावजूद न तो बिजली विभाग और न ही प्रशासन इस ओर गंभीर नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद भी अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं। फिलहाल दोनों घायल भाइयों का इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *