मिस वर्ल्ड 2017 फिनाले में स्टेज पर घंटों टिकने वाला आइकॉनिक मेकअप मानुषी छिल्लर ने कैसे किया था? एक्ट्रेस ने बताया सीक्रेट

Manushi Chhillar makeup: मिस वर्ल्ड 2017 का वो पल आज भी लोगों के दिलों में ताजा है, जब भारत की बेटी ने ताज अपने नाम किया था. उस रात सिर्फ क्राउन ही नहीं, बल्कि मानुषी छिल्लर का कॉन्फिडेंस, उनकी स्माइल और उनका परफेक्ट मेकअप भी लोगों की नजरों में बस गया था. सालों बाद भी उस लुक की चर्चा होती है. अब न्यू ईयर के मौके पर मानुषी छिल्लर ने खुद उस ऐतिहासिक रात को याद करते हुए अपने फैंस के साथ एक खास वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बताया कि मिस वर्ल्ड 2017 के फिनाले में उन्होंने अपना मेकअप खुद कैसे किया था. यह सिर्फ एक मेकअप ट्यूटोरियल नहीं बल्कि हर उस लड़की के लिए इंस्पिरेशन है जो सिंपल तरीकों से ग्लैम लुक पाना चाहती है.

मानुषी ने इस वीडियो में साफ बताया कि वह भारी मेकअप की बजाय नेचुरल लेकिन लॉन्ग लास्टिंग लुक में भरोसा रखती हैं. उनका फोकस था कि स्टेज पर घंटों रहने के बावजूद मेकअप टिका रहे और चेहरा फ्रेश दिखे. इसी सोच के साथ उन्होंने अपने मेकअप की शुरुआत की थी.

प्राइमर से की मजबूत शुरुआत
मानुषी ने सबसे पहले पूरे चेहरे पर प्राइमर लगाया. उनका कहना था कि वह ऐसा मेकअप चाहती थीं जो पूरी रात खराब न हो. प्राइमर स्किन को स्मूद बनाता है और आगे लगाए जाने वाले प्रोडक्ट्स को लंबे समय तक टिकने में मदद करता है. यह स्टेप उनके लिए बेहद जरूरी था क्योंकि फिनाले के दौरान लाइट्स और कैमरों का सामना करना था.

फाउंडेशन को किया हल्का
मानुषी ने खुद माना कि वह आमतौर पर फाउंडेशन गर्ल नहीं हैं. लेकिन मिस वर्ल्ड फिनाले के दिन उन्होंने फाउंडेशन का इस्तेमाल जरूर किया. उन्होंने बताया कि वह फाउंडेशन को थोड़ा डाइल्यूट करती हैं ताकि लुक नेचुरल लगे लेकिन कवरेज भी अच्छा मिले. इसके बाद उन्होंने अंडर आई एरिया के लिए वॉर्म टोन कंसीलर लगाया और फिर उससे हल्का शेड इस्तेमाल किया.

ट्रायंगल टेक्नीक से मिला अंडर आई लिफ्ट
लाइट शेड कंसीलर लगाते समय मानुषी ने ट्रायंगल शेप बनाई. उन्होंने आंखों के कोने, टेंपल एरिया और मुंह के कोनों पर तीन पॉइंट बनाए. उनका कहना था कि स्किन टोन से दो शेड हल्का कंसीलर अंडर आई एरिया को लिफ्ट देता है. इसके बाद उन्होंने ब्रश की मदद से दोनों कंसीलर को अच्छे से ब्लेंड किया.

हल्का कंटूर, क्योंकि चेहरे की शेप ही काफी है
कंटूरिंग पर बात करते हुए मानुषी ने कहा कि उन्होंने कई सालों से कंटूर नहीं किया था. उनके मुताबिक उनका चेहरा एंगुलर है और हाई चीखबोन्स होने की वजह से ज्यादा कंटूर की जरूरत नहीं पड़ती. फिर भी उन्होंने हल्का सा कंटूर टेंपल और नाक के आसपास ब्लेंड किया ताकि फेस को नेचुरल डेफिनिशन मिले. नाक के कंटूर के बारे में उन्होंने एक आसान टिप दी. उन्होंने कहा कि अगर आप भौंह की हड्डी के नीचे से लाइन खींचते हैं तो वह भौंह की एक्सटेंशन जैसी लगती है और बहुत नैचुरल शैडो इफेक्ट देती है.

आई मेकअप में स्मोकी टच
आंखों के लिए मानुषी ने स्मोकी लुक चुना. उन्होंने सबसे पहले ब्रॉन्जर को क्रीज पर लगाया ताकि आंखों को डेफिनिशन मिले. इसके बाद ब्राउन और ब्लैक आईशैडो को हल्के और गहरे शेड में इनर और आउटर कॉर्नर पर लगाया. आईलिड के सेंटर में गोल्डन ग्लिटर की हल्की डैबिंग की, जिससे आंखों में चमक आ गई. ब्लैक आईलाइनर और अच्छी मात्रा में मस्कारा ने इस लुक को और शार्प बना दिया.

ब्लश, हाइलाइट और परफेक्ट लिप्स
आंखों के बाद उन्होंने एक्स्ट्रा पाउडर हटाया और ब्रॉन्जर को माथे के साइड में लगाया. इसके साथ कूल पिंक ब्लश को गालों और नाक के आसपास धीरे धीरे बिल्ड किया. चेहरे के हाई पॉइंट्स पर गोल्डन हाइलाइटर लगाया, जिससे स्टेज लाइट में फेस ग्लो करता दिखे.

लिप्स के लिए उन्होंने पिंकिश न्यूड लिपस्टिक चुनी. पहले डार्क लिप लाइनर से आउटलाइन बनाई और फिर ब्रश से ब्लेंड किया. बीच में उसी लिपस्टिक को लगाया ताकि होंठ भरे हुए दिखें. आखिर में हल्का लिप ग्लॉस लगाया और सेटिंग स्प्रे से पूरे मेकअप को लॉक कर दिया.

क्यों खास है यह मेकअप लुक
मानुषी का यह लुक बताता है कि सही टेक्नीक और बैलेंस से बिना ओवरडू किए भी स्टेज रेडी लुक पाया जा सकता है. यही वजह है कि आज भी उनका मिस वर्ल्ड मेकअप आइकॉनिक माना जाता है.

सेहत की समस्या, रिलेशनशिप की उलझन, पैरेंटिग, लाइफस्टाइल, फैशन, पूजा-पाठ, ग्रह-नक्षत्र आदि से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी चाहिए तो आप अभी इस WhatsApp लिंक पर क्लिक करें.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *