सतना। जिले की रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने नाबालिग का अपहरण कर दैहिक शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि जनवरी माह में एक नाबालिग रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लगभग ढाई महीने की खोजबीन के बाद मुखबिर की सूचना पर बीते दिन नाबालिग को ढूंढ निकाला गया। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसके रिश्तेदार राज उर्फ रजउआ कोल (20 वर्ष), निवासी नकतरा, जिला मैहर, उसे शादी का झांसा देकर घर से भगा ले गया था। नाबालिग के अनुसार, आरोपी ने कई महीनों तक उसका दैहिक शोषण किया। इसके बाद अपहरण के प्रकरण में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। .